जन्मदिन की खुशियां मातम में बदली! नदी में 4 बच्चों की डूबने से मौत
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 06:43 PM (IST)
नेशनल डेस्क : आगरा जिले के कमला नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह यमुना नदी में नहाते समय डूबने से दो लड़कियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विद्यानगर निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था, इस मौके पर सभी रिश्तेदारों के बच्चे आए हुए थे। गर्मी ज्यादा होने के कारण 6 बच्चे नहाने चले गए जिनमें से 4 की मौत हो गई और 2 को सुरक्षित बचा लिया गया है।
अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि मृतकों की पहचान कान्हा (22), महक (19), रिया (17) और विक्की (11) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने बचाव अभियान शुरू किया।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बचाव अभियान तहत पहले कान्हा, महक और रिया को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्ला ने कहा कि विक्की की तलाश में छह घंटे तक अभियान चलाया गया और उसका शव भी बरामद कर लिया गया।
