बिपिन रावत का ऐलान- अब दुश्मनों से मुकाबला करेंगी महिलाएं

Sunday, Jun 04, 2017 - 06:25 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय सेना में जल्द ही महिलाएं भी पुरुषों के साथ मिलकर दुश्मनों से मुकाबला करेंगी। थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा कि जल्द ही महिलाओं को कॉम्बैट रोल (लड़ाकू भूमिका) देने की तैयारी है। अभी तक दुनिया में कुछ चुनिंदा देश ही ऐसा कर पाए हैं। सेना प्रमुख ने कहा कि महिलाओं को कॉम्बैट रोल, जिसमें अभी तक केवल पुरुष ही होते हैं, देने की प्रकिया तेजी से बढ़ रही है। शुरुआत में महिलाओं को मिलिट्री पुलिस में शामिल किया जाएगा। रावत ने कहा कि मैं महिलाओं को जवान के रूप में देखना चाहता हूं।

महिलाओं को भी दिखानी होगी मजबूती
अभी तक महिलाओं को सेना में मेडिकल, लीगल, एजुकेशनल, सिग्नल और इजिनियरिंग विंग्स में शामिल किया जाता है लेकिन व्यावहारिक दिक्कतों की वजह से उन्हें कॉम्बैट रोल नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि नई भूमिका में आने के लिए महिलाओं को भी दृढ़ता और और मजबूती दिखानी होगी। अभी तक जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, नॉर्वे, स्वीडन और इजरायल में महिलाएं कॉम्बैट रोल निभा रही हैं।

पिछले साल इतिहास रचते हुए इंडियन एयरफोर्स ने 3 महिलाओं को फाइटर पायलट के रूप में शामिल किया था। अवनी चतुर्वेदी, भावना कांत और मोहना सिंह की परफॉर्मेंस देखने के बाद फाइटर पायलट के रूप में और महिलाओं को भर्ती करने पर फैसला लिया जाएगा। 

Advertising