लद्दाख में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे जनरल रावत

Saturday, Aug 19, 2017 - 05:10 PM (IST)

नई दिल्ली: सिक्किम सेक्टर से लगते डोकलाम क्षेत्र में भारत और चीन की सेनाओं के गतिरोध के बीच सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति का जायजा लेंगे। जनरल रावत कल तीन दिन की यात्रा पर लद्दाख जा रहे हैं। डोकलाम गतिरोध और पेगांग क्षेत्र में भारतीय और चीनी सैनिकों की मामूली झडप के मद्देनजर इस यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।  

 लगभग दो महीने पहले शुरू हुए डोकलाम गतिरोध के बाद से चीन विभिन्न सेक्टरों में भारतीय सीमाओं का निरंतर अतिक्रमण कर रहा है हालांकि चीनी सैनिक भारतीय सैनिकों के प्रतिरोध के बाद वापस लौट जाते हैं लेकिन बार -बार इस तरह की हरकतें कर वह स्थिति को भड़काने में लगा है। चीन ने भारत और भूटान से लगते ट्राइजंक्श्न क्षेत्र डोकलाम में दो महीने पहले सड़क बनाने की कोशिश की थी जिसे भारतीय सैनिकों ने रोक दिया। 

इसके बाद से दोनों देशों के सैनिक इस क्षेत्र में लगभग आमने -सामने हैं। सेना प्रमुख इस दौरान क्षेत्र में सेना तथा वायु सेना के स्थानीय कमांडरों के साथ स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा सैन्य तैयारियों का जायजा लेंगे। पूर्वी लद्दाख में भारत की 800 से भी अधिक किलोमीटर लंबी सीमा चीन से लगती है। इस गतिरोध के चलते स्वतंत्रता दिवस पर दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच होने वाली बैठक भी नहीं हुई।  

Advertising