छत्तीसगढ़: 3 दिन से लापता शख्स तक पहुंचा पुलिस डॉग, 10 किमी सूंघते हुए जंगल में खोज निकाला
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 09:40 PM (IST)
नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस डॉग स्क्वाड की मुस्तैदी ने एक परिवार की उम्मीदों को टूटने से बचा लिया। घने जंगल में करीब 10 किलोमीटर तक सूंघते हुए आगे बढ़ी खोजी कुतिया ‘विमला’ ने तीन दिन से लापता युवक को बेहोशी की हालत में ढूंढ निकाला। समय रहते अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच गई।
खेत से गायब हुआ, जंगल में मिला
मामला बेलगहना पुलिस चौकी क्षेत्र के डांडबछाली गांव का है। 48 वर्षीय तरुण सिदार 19 फरवरी को खेत में काम करने निकले थे। बताया जाता है कि वहां कुछ परिचितों के साथ शराब पीने के बाद वह घर नहीं लौटे। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 21 फरवरी को परिजनों ने चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती पूछताछ की, पर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई।
टोपी-चप्पल से मिला सुराग
जांच के दौरान खेत के पास तरुण की टोपी और चप्पल मिली। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वाड को बुलाने का फैसला किया। बिलासपुर से विमला और उसके हैंडलर को मौके पर लाया गया।
विमला ने मिले सामान की गंध ली और जंगल की ओर बढ़ गई। कठिन रास्तों और झाड़ियों के बीच करीब 10 किलोमीटर तक ट्रैकिंग करने के बाद वह एक स्थान पर रुककर भौंकने लगी। वहीं तरुण अचेत अवस्था में पड़े मिले।
समय पर इलाज से बची जान
पुलिस टीम ने तत्काल युवक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक भूखे-प्यासे और नशे की हालत में भटकने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के बाद उन्हें होश आया। उन्होंने बताया कि शराब के असर में रास्ता भटक गए और रातभर जंगल में घूमते रहे, फिर कमजोरी से गिरकर बेहोश हो गए।
डॉग स्क्वाड की सराहना
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डॉग स्क्वाड की त्वरित कार्रवाई और विमला की तेज सूंघने की क्षमता ने बड़ा हादसा टाल दिया। यह घटना दर्शाती है कि आपात स्थितियों में प्रशिक्षित पुलिस डॉग कितने अहम साबित होते हैं।
