बिहार चुनावः जावडेकर ने लगाया चिराग पर आरोप, कहा- लोगों को बहका रही है लोजपा

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2020 - 05:24 PM (IST)

नई दिल्लीः बिहार चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से पहले सियासी पारा चढ़ चुका है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान पर निशाना साधा है। जावडेकर ने कहा कि लोजपा के चिराग पासवान बिहार के विधानसभा चुनाव में भ्रम उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं, उनकी टिप्पणी भ्रामक है, कोई लाभ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का लोजपा के साथ कोई संबंध नहीं है, जदयू, एचएएम(एस), वीआईपी के साथ हमारा गठबंधन बिहार विधानसभा चुनाव में तीन-चौथाई बहुमत हासिल करेगा।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार चुनावों में भाजपा, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के बीच अटूट गठबंधन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की कोई‘बी'या‘सी'टीम नहीं है और इस पर किसी को संशय नहीं होना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोजपा सिर्फ वोट काटने वाली पार्टी है जो अपने अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही है। यही वजह है कि लोजपा भ्रम की स्थिति पैदा करके दूसरों के कंधे पे बंदूक रखना चाहती है, जो निंदनीय है। पात्रा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) लोक तंत्र, विकास और स्थिरता के लिए चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनावों में तीन चौथाई बहुमत के साथ एनडीए एक बार फिर बिहार में सरकार बनाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News