बिहार: उद्घाटन से पहले ही टूटा बांध, CM नीतीश ने रद्द किया दौरा

Wednesday, Sep 20, 2017 - 01:29 AM (IST)

पटना: बिहार के भागलपुर जिले में आज ट्रायल रन के दौरान पानी के दबाव से गंगा पंप नहर योजना के बांध की दीवार के अचानक टूट जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इसके उद्घाटन के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। बिहार और झारखंड़ के एक बड़े कृषि भू-भाग को सिंचित किए जाने की भागलपुर जिला के बटेश्वरस्थान में गंगा नदी पर 389.31 करोड़ रूपए की लागत वाली महात्वाकांक्षी योजना का कल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उद्घाटन किया जाना था। ट्रायल रन के दौरान स्विच आन किए जाने पर पानी के अत्यधिक दबाव के कारण इस योजना के बांध की एक दीवार के आज अचानक टूट जाने के बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। 

 

बांध टूटने से रिहायशी इलाकों में घुसा पानी 
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नीतीश कुमार के कल के प्रस्तावित कार्यक्रम को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया है। भागलपुर से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बांध के टूटने पानी के बहाव से कहलगांव, एनटीपीसी टाउनशिप के साथ आम नागरिक इलाके और कहलगांव के सिविल जज और सब जज के आवास में पानी प्रवेश कर गया। इस परियोजना के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा कहलगांव के विधायक सदानंद सिंह भाग लेने वाले थे। 

 

पानी के बहाव को रोकने के लिए किया जा रहा है प्रयास
जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अरूण कुमार सिंह भागलपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ मिलकर जिन इलाकों में पानी फैला है उसे निकाले जाने की निगरानी कर रहे हैं। अरूण सिंह ने बताया कि पानी के बहाव को रोकने के बालू भरे बोरे रखे जा रहे हैं। कहलगांव उक्त परियोजना स्थल से तीन किलोमीटर की दूरी पर है। बिहार और झारखंड की इस साझा परियोजना के जरिए भागलपुर में 18620 हेक्टेयर तथा झारखंड के गोड्डा जिला की 4038 हेक्टयर भूमि सिंचित होगी।


राजद कार्यकत्र्ताओं ने लगाया नीतीश पर भ्रष्टाचार का आरोप
इस परियोजना द्वारा 27603 हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जा सकता है जिसमें से 22816 हेक्टयर बिहार एवं 4887 हेक्टेयर झारखंड के भूखंड शामिल हैं। इस परियोजना के बांध के टूटने पर ​प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद को नीतीश सरकार के खिलाफ हथियार मिल गया और राजद कार्यकत्र्ताओं ने इसमें भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भागलपुर में मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का पुतला दहन किया। राजद के पीरपैंती से विधायक रामविलास पासवान ने पत्रकारों से कहा कि करोडों रूपए के सृजन घोटाले के बाद भागलपुर में एक नया ‘घोटाला’ सामने आया है।


 

Advertising