क्या हिमाचल में हुई हार की जेपी नड्डा पर गिरेगी गाज? बीजेपी अध्यक्ष के कार्यकाल को लेकर मिली बड़ी अपडेट

Tuesday, Dec 20, 2022 - 02:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक अहम संगठनात्मक बैठक अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में होने की संभावना है जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के कार्यकाल के विस्तार पर मुहर लगाए जाने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी आगामी राज्य विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी विचार करेगी और मौजूदा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेगी।

अगले महीने पूरा होने जा रहा कार्यकाल
हालांकि, बैठक का मुख्य आकर्षण कई राज्य में चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक चुनाव को स्थगित करना होगा। इससे नड्डा के कार्यकाल को स्वतः विस्तार मिल जाएगा जिनका तीन साल का कार्यकाल अगले महीने पूरा हो रहा है, क्योंकि अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले पार्टी की कम से कम आधी राज्य इकाइयों में आंतरिक चुनाव पूर्ण होना अनिवार्य है।

अप्रैल-मई 2024 में लोकसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। नड्डा के पूर्ववर्ती एवं गृह मंत्री अमित शाह को भी 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले विस्तार मिला था। संसदीय चुनाव समाप्त होने के बाद ही संगठनात्मक चुनाव शुरू हुए और नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में दूसरे कार्यकाल के दौरान शाह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के साथ ही नड्डा निर्विरोध चुने गए थे।

rajesh kumar

Advertising