देश मना रहा 72वां गणतंत्र दिवस, किसान ट्रैक्टर मार्च को लेकर दिल्ली में सुरक्षा कड़ी...देश-विदेश की

Tuesday, Jan 26, 2021 - 09:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं किसान भी दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च निकालने वाले हैं, जिसको लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार (26 जनवरी) को देश की इन बड़ी खबरों पर नजर रहेगी।

72वां गणतंत्र दिवस, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 72वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया कि देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद!'' 

किसानों का ट्रैक्टर मार्च
कृषि कानून के खिलाफ पिछले दो महीनों से दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसान आज दिल्ली की सीमाओं के आसपास ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। कड़ी सुरक्षा और तमाम व्यवस्थाओं को करने के बाद दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत दी है। कुल तीन रूट पर ये ट्रैक्टर परेड निकलेगी, जिसमें हजारों ट्रैक्टरों के आने की संभावना है।

गणतंत्र दिवस और किसानों की ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम 
गणतंत्र दिवस समारोह और किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर राजपथ और राष्ट्रीय राजधानी की कई सीमाओं पर हजारों सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे 41 किसान संगठनों के प्रमुख संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि उनकी परेड मध्य दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगी और यह गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर होने वाली आधिकारिक परेड के समापन के बाद ही शुरू होगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परेड मार्ग पर नजर रखने के लिए 140 सीसीटी कैमरे लगाए गए हैं।

दिल्ली के 38 पुलिसकर्मी ‘पुलिस पदक' से सम्मानित
दिल्ली के 38 पुलिसकर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर 17 पुलिसकर्मियों को पुलिस वीरता पदक (पीएमजी) से, तीन पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से तथा 18 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से नवाजा गया।

 

अमेरिका में कोविड-19 से 4.20 लाख से अधिक लोगों की मौत
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (covid-19) से गंभीर रूप से जूझ रहे अमेरिका में इसके संक्रमण से अब तक 4.20 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है और अब तक 2.52 करोड़ से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं।

मोहन भागवत ने गुजरात RSS दफ्तर में फहराया तिरंगा
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुजरात के अहमदाबाद  स्थित संघ के दफ्तर में तिरंगा फहराया। यहां भागवत ने कहा कि सबको अपनाना और त्याग, संयमपूर्वक जीवन जीना और सतत कर्म करते हुए सर्वत्र मंगल करना ये अपने देश का प्रयोजन है, सबको जोड़ते हुए अपने देश को बड़ा करना पड़ेगा।

गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगा राफेल
भारतीय वायुसेना में हाल ही में शामिल राफेल लड़ाकू विमान आज पहली बार भारत की गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगा और फ्लाईपास्ट का समापन इस विमान के ‘वर्टिकल चार्ली फार्मेशन' में उड़ान भरने से होगा। ‘वर्टिकल चार्ली फार्मेशन' में विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरता है, सीधे ऊपर जाता है और उसके बाद कलाबाजी खाते हुए एक ऊंचाई पर स्थिर हो जाता है। वायुसेना प्रवक्ता विंग कमांडर इंद्रनील नंदी ने बताया कि फ्लाईपास्ट का समापन एक राफेल विमान के ‘वर्टिकल चार्ली फार्मेशन' से होगा।

Seema Sharma

Advertising