BJP से बड़ी खबर, 4 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले...दिल्ली की कमान वीरेंद्र सचदेवा को सौंपी

punjabkesari.in Thursday, Mar 23, 2023 - 12:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा ने गुरुवार को बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली, बिहार समेत चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं। दिल्ली में भाजपा की कमान वीरेंद्र सचदेवा को सौंपी गई है। वहीं बिहार में बिहार विधान परिषद के सदस्य सम्राट चौधरी को भाजपा की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। लोकसभा सदस्य सी पी जोशी को भाजपा की राजस्थान इकाई, मनमोहन सामल को ओडिशा इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों के मुताबिक दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल को प्रदेश इकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन नियुक्तियों को हरी झंडी दी है और यह तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार के दिग्गज नेता रहे शकुनी चौधरी के पुत्र है। शकुनी चौधरी सात बार विधायक रहे हैं। वह बिहार भाजपा अध्यक्ष के रूप में संजय जायसवाल की जगह लेंगे। सम्राट चौधरी बिहार भाजपा के उपाध्‍यक्ष भी रह चुके हैं। वह 1999 में कृषि मंत्री और 2014 में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

 

सीपी जोशी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की और दूसरी बार संसद पहुंचे। वह प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सतीश पूनिया की जगह लेंगे। सचदेवा को पिछले साल दिसंबर में दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने आदेश गुप्ता की जगह ली थी। मनमोहन सामल ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में समीर मोहंती का स्थान लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहंती का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जनवरी में खत्म हुआ था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News