अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर, भारत आने पर दिखानी होगी नेगेटिव RT-PCR रिपोर्ट

Wednesday, Oct 20, 2021 - 06:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत आने वाले अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने नई गाइडलाइन जारी की है। स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार, भारत आने पर अब अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को कोरोना वायरस की नेगेटिव आर टीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य होगा। यह टेस्ट रिपोर्ट 72 घंटे पहले की होनी चाहिए। 

गाइडलाइन के साथ ही सरकार ने उन देशों की लिस्ट जारी की है, जहां से आने वाले यात्रियों को इन नियमों का पालन करना होगा। इस लिस्ट में  ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड और जिम्बाम्बे जैसे देश शामिल हैं। इन देशों को खतरे वाले देशों की सूची में रखा गया है। 

बता दें कि, कोरोना महामारी के चलते शुरू हुई घरेलू उड़ानों पर पाबंदियां 18 अक्टूबर से हटा ली गई। आदेश के बाद घरेलू उड़ानों में 100 फीसदी यात्री सफर कर पा रहे हैं। इससे पहले 18 नवंबर से 18 अक्टूबर के बीच 85 फीसदी क्षमता के साथ ही विमान उड़ानें भर रही थी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा था कि हवाई जहाज़ और एयरपोर्ट पर अभी भी पहले की तरह ही कोरोना वायरस की गाइडलाइंस का पालन किया जाएगा।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिली 102.4 करोड़ वैक्सीन 
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भारत सरकार (नि:शुल्क माध्यम) के जरिए और प्रत्यक्ष राज्य खरीदारी श्रेणी के तहत अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 102.4 करोड़ (102,48,12,565) से अधिक खुराक उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास फिलहाल टीकों की 10.78 करोड़ (10,78,72,110) से अधिक खुराक हैं, जिन्हें अभी इस्तेमाल नहीं किया गया है।

उसने कहा कि केंद्र देश भर में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने कहा कि अधिक टीकों की उपलब्धता, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए टीकों की उपलब्धता की अग्रिम जानकारी और टीकों की आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित करके टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है। उसने कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड रोधी टीके मुफ्त उपलब्ध कराकर उनकी सहायता कर रहा है।

 


 

rajesh kumar

Advertising