विपक्ष पर जेपी नड्डा पर बड़ा हमला, बोले- ''कोई देश तोड़ने में लगा है, हम जैसे लोग देश को जोड़ने में लगे हैं''

Sunday, Oct 10, 2021 - 09:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्ष समाज को बांट कर देश को तोड़ने की राजनीति कर रहा है लेकिन भाजपा समाज को जोड़ते हुए देश को विश्वगुरु के पद पर पुन: प्रतिष्ठित करने के लिए काम कर रही है। नड्डा ने रविवार को यहां भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मणिपुर में पिछले 25 वर्षों में भाजपा ने शून्य से शिखर तक की यात्रा तय की है। भाजपा ने 1995 में पहली बार मणिपुर विधानसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद निरंतर भाजपा यहां मजबूत होती गई।

उन्होंने कहा कि मणिपुर में कांग्रेस ने राज्य के विकास को समर्पित भाजपा सरकार को अस्थिर करने और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की न जाने कितनी ही कोशिशें की लेकिन हम मणिपुर के विकास के लिए समर्पित भाव से काम करते रहे। परिणाम यह हुआ कि कांग्रेस अपनी ही षड्यंत्रों के जाल में उलझती चली गई और जनता की नजरों से भी गिर गई।

नड्डा ने कहा कि आजाद हिंद फौज का पहला झंडा मणिपुर में ही लहराया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे पूर्वोत्तर के विकास के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने पूर्वोत्तर के विकास के लिए अलग से मंत्रालय बनाया है। अब मणिपुर‘गेटवे ऑफ डेवलपमेंट'के रूप में प्रतिष्ठित हो रहा है। इस अवसर पर मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, आर. के. रंजन सिंह, मणिपुर के भाजपा प्रभारी डॉ. संबित पात्रा समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि मणिपुर में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस लिहाज से राज्य में भाजपा अध्यक्ष की दो दिवसीय यात्रा को चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

Yaspal

Advertising