केंद्रीय गृह मंत्रालय का बड़ा एक्शन, जहांगीरपुरी हिंसा में शामिल 5 आरोपियों पर लगाया गया NSA

Tuesday, Apr 19, 2022 - 07:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जहांगीरपुरी में हुई हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बड़ा एक्शन लिया है। गृह मंत्रालय ने हिंसा में शामिल 5 आरोपियों पर एनएसए लगाया है। अब इन पांच आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। गृह मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हिंसा के मुख्य आरोपी अंसार, सलीम, सोनू शेख, दिलशादी और अहीद के खिलाफ नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि, इससे पहले जहांगीर पुरी हिंसा मामले में आरोपी सोनू शेख को रोहिणी कोर्ट लाया गया। कोर्ट ने आरोपी सोनू को 4 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी शेख के लिए सात दिनों की रिमांड मांगी थी। वहीं, पुलिस के हाथ हिंसा को लेकर एक सीसीटीवी फुटेज लगा है। फुटेज में कुछ लोगों को हमले के लिए लाठियां इकट्ठे करते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। 15 अप्रैल के एक सीसीटीवी का यह फुटेज राज 2 बजकर 11 मिनट का है। 

जानें क्या है NSA?
नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) एक ऐसा कानून है जिसके तहत किसी खास खतरे के चलते व्यक्ति को हिरासत में लिया जा सकता है। अगर स्थानीय प्रशासन को किसी शख्स से देश की सुरक्षा और सद्भाव का संकट महसूस होता है तो ऐसा होने से पहले ही वह उस शख्स को पकड़ सकती है। यह कानून किसी व्यक्ति को महीनों तक हिरासत में रखने का प्रशासन को अधिकार देता है। 

गौरतलब है कि, जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच संघर्ष हो गया था जिसमें 8 पुलिस कर्मी और 1 स्थानीय शख्स जख्मी हो गया था।पुलिस के मुताबिक, संघर्ष के दौरान पथराव और आगज़नी की घटनाएं हुई थी और गाड़ियों को भी जला दिया गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी अंसार समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 2 नाबालिग भी पकड़े गए हैं। करीब 21 लोगों से हिरासत में पूछताछ की जा रही है। 

rajesh kumar

Advertising