बेगूसराय से सांसद भोला सिंह का निधन

Saturday, Oct 20, 2018 - 12:02 AM (IST)

बेगूसराय : बिहार में बेगूसराय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व मंत्री भोला सिंह का आज नई दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। सिंह का दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और उन्हें इलाज के लिए आरएमएल में भर्ती कराया गया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1967 में पहली बार वामदल के सहयोग से निर्दलीय विधायक चुने गए भोलासिंह बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष, शहरी विकास मंत्री एवं शिक्षा मंत्री भी रहे। वह कुल नौ बार विधायक रहे। वह वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में नवादा से और वर्ष 2014 में बेगूसराय से सांसद चुने गए।

पीएम मोदी ने जताया दुख  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा सदस्य भोला सिंह के निधन पर दुख जताया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘बेगूसराय से लोकसभा सदस्य भोला सिंह जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें समाज की उत्कृष्ट सेवा और बिहार के विकास की दिशा में प्रयासों के लिए याद किया जाएगा।’ मोदी ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं सिंह के परिवार और समर्थकों के साथ हैं।

नीतीश कुमार ने व्यक्त की शोक संवेदना
बिहार के मुयमंत्री नीतीश कुमार ने सांसद भोला सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।  नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा कि सिंह राजनीति में अपनी शुचिता और सरल हृदय के लिए जाने जाते थे। सामाजिक कार्यो में उनकी गहरी रुचि थी और वे अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने कहा कि उनके निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुयमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों, प्रशंसकों एवं समर्थकों से दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

shukdev

Advertising