तस्वीरों में देखिए कैसे, प्रेमी संग शादी से पहले भिड़ी दो महिलाएं

Thursday, Jan 14, 2016 - 11:49 AM (IST)

भरतपुर: भरतपुर में बुधवार दोपहर को कोर्ट के बाहर कथित प्रेमी के साथ पहुंची महिला व उसके ससुराल पक्ष की दो महिलाएं कहासुनी के बाद मारपीट का मामला सामने आया है।  

 

सूचना पर थाना मथुरा गेट पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन महिला बाद में कथित प्रेमी के साथ रवाना हो गई। यह पूरा ड्रामा करीब आधे घंटे तक चला। पुलिस के अनुसार करौली जिले के हिण्डौन कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला भरतपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी उसके कथित प्रेमी के साथ दोपहर में कोर्ट पहुंची थी। इस दौरान ही उक्त महिला का पति सहित अन्य ससुरालीजन भी कोर्ट पहुंचे। उन्होंने महिला से घर चलने के लिए समझाइश की, लेकिन वह कथित प्रेमी के साथ जाने पर अड़ गई। इसके बाद माहौल गरमा गया और महिला व ससुराल से आई महिलाएं आपस में उलझ गईं। उन्होंने हाथापाई करने के साथ एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और सरेआम एक-दूसरे पर थप्पड़ों की बरसात की। 

 

मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं व अन्य लोगों ने खासी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया।  बताया जा रहा है कि महिला उसके कथित प्रेमी कोर्ट मैरिज के संबंध में आई थी। उसके ससुरालीजनों को भनक लगने पर वे भी पहुंचे और इनके बीच कोर्ट परिसर में मारपीट हो गई।  

 

महिला ने उसके पति पर शराब के नशे में आए-दिन के उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। वह गत 27 दिसम्बर को हिण्डौन से लापता हो गई थी। बताया जा रहा है वह भरतपुर स्थित कथित प्रेमी के पास पहुंच गई। महिला ने कथित प्रेमी के साथ करीब एक साल से संबंध बताया। महिला की पहली शादी करीब 15 साल पहले हुई थी, लेकिन कोई बच्चा नहीं है।

 

राम सिंह एसआई थाना मथुरा गेट ने बताया कि कोर्ट में झगड़े की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। यहां कुछ लोग झगड़ रहे थे, जिस पर समझाइश कर मामला शांत कराया।  

Advertising