महाराष्ट्र विधानसभा: भाजपा, शिवसेना के सांसदों ने राहुल पर लगाया सावरकर के अपमान का आरोप

Thursday, Mar 23, 2023 - 02:40 PM (IST)

मुंबई: महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा में राहुल गांधी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वह राहुल गांधी के खिलाफ प्रस्ताव लाने की अनुमति दें। 

शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने सदन में यह विषय उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कई बार सावरकर का अपमान किया है। शिवसेना के ही संजय शिरसत ने आग्रह किया कि राहुल गांधी के खिलाफ प्रस्ताव लाने की अनुमति दी जाए। भाजपा विधायक आशीष सेलार ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने बोलने की अनुमति मांगी तो सेलार ने तंज कसते हुए कहा कि क्या थोराट माफी मांगेंगे। 

इसके बाद सत्तापक्ष के सदस्य आसन के निकट पहुंच गए और ‘राहुल गांधी हाय हाय, गली गली में शोर है, राहुल गांधी चोर है' के नारे लगाए। इस पर गतिरोध के बाद सदन की कार्यवाही को एक बार 10 मिनट और फिर आधे घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा। थोराट ने सदन में बोलने की अनुमति मांगी तो कांग्रेस विधायक वर्षा गायकवाड़ और अमित देशमुख सत्तापक्ष के सदस्यों का विरोध करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। 

 

Anu Malhotra

Advertising