70 सालों में क‍िसी संन्यासी को 'भारत रत्न' न म‍िलना देश का दुर्भाग्य: बाबा रामदेव

Sunday, Jan 27, 2019 - 10:22 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत रत्न पर शुरु हुए विवाद में योग गुरु बाबा रामदेव भी कूद गए हैं। रामदेव ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि आजादी के 70 साल बाद भी किसी संन्यासी को यह सर्वोच्च सम्मान नहीं दिया गया है। उन्होंने मांग की कि अगला भारत रत्न पुरुस्कार क‍िसी संन्यासी को जरूर म‍िलना चाहिए। रामदेव ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती, स्वामी व‍िवेकानंद और श‍िवकुमार स्वामी किसी के लिए भी सरकार ने भारत रत्न का ऐलान नहीं किया पर अगली बार ऐसा नहीं होना चाहिए। मेरा सरकार से अनुरोध है कि अगली बार कम से कम एक संन्यासी को यह अवार्ड जरूर दिया जाए।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले सिद्दागंगा मठ के महंत शिव कुमार स्वामी को भारत रत्न से सम्मानित न किए जाने पर रोष व्यक्त करते हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दारामैया ने इस चूक के लिए राज्य के भाजपा नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। सिद्दारामैया ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान इस मामले में केन्द्र सरकार पर दबाव न बनाने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी. एस. येद्दियुरप्पा की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि दिवंगत स्वामी जी भारत रत्न सम्मान के लिए सर्वथा उपयुक्त हस्ती थे। यदि स्वामी को यह सम्मान दिया जाता तो इस सम्मान की प्रतिष्ठा और बढ़ती। बता दें कि स्वामी का लंबी बीमारी के बाद हाल में निधन हो गया था।

Seema Sharma

Advertising