भारत बंद के लिए क्या तैयार है सरकार? जानें किस राज्य की कितनी है तैयारी

Tuesday, Dec 08, 2020 - 09:50 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  नये कृषि कानून के विरोध में पिछले 12 दिनो से आंदोलनरत किसानो के मंगलवार को प्रस्तावित ‘भारत बंद' का समर्थन विपक्ष ने एक सुर में किया है।  वहीं सरकार ने  भी  विपक्ष की मंशा को भांपते हुये सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये है। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं। 

 सरकार ने भी कसी कमर 
 किसानो के प्रति सहानुभूति जताने की होड़ में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राकांपा नेता शरद पवार, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन और पीएजीडी अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला समेत प्रमुख नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर एक दिवसीय बंद का समर्थन किया और केंद्र से किसानों की जायज मांगों को पूरा करने को कहा है। ऐसे में सरकार ने भी कमर कस ली है। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें राज्य: गृह मंत्रालय 
केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने किसान संगठनों के आह्वान पर  देश भर में ‘भारत बंद' के मद्देनजर सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और शांति बनाये रखने को कहा है। केन्द्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को परामर्श जारी कर कहा है कि वे बंद के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें तथा कानून व्यवथा की स्थिति बनाये रखें। परामर्श में कहा गया है कि राज्य सरकारों का हर संभव प्रयास करने चाहिए कि कहीं भी किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो और सब जगह शांतिपूर्ण स्थिति बनी रहे।    

राजधानी की सुरक्षा रहेगी चाकचौबंद 
दिल्ली पुलिस ने  भारत बंद के दौरान सड़कों पर लोगों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परामर्श जारी किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि  सड़कों पर लोगों की सामान्य आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समुचित प्रबंध किये गये हैं। बंद के दौरान अगर कोई आम लोगों के जन जीवन को बाधित करने की कोशिश करता है या कानून के खिलाफ जाकर जबरदस्ती दुकानें बंद करेगा तब दिल्ली पुलिस ऐसे लोगों से सख्ती से निबटेगी। दिल्ली पुलिस ने राजधानी के आम नागरिकों और निवासियों के जीवन को बाधित न करने की अपील की है। पुलिस ने बंद के दौरान किसी भी नागरिक को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 

आमजन के जीवन से खिलवाड़ की कोशिश नामंजूर : योगी आदित्यनाथ
विपक्षी दलों पर किसानो को भ्रमित कर माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘भारत बंद' की आड़ में आमजन के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ का प्रयास कतई स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने   कहा कि भोलेभाले किसानो को विपक्ष भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। विपक्षी दल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिये किसानो के कंधों पर बंदूक रखकर सरकार पर निशाना साध रहे हैं। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बंद का असर आमजन पर नहीं पड़ना चाहिये। प्रदेश में शान्ति व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कल के प्रस्तावित भारत बन्द से किसान दिग्भ्रमित न हों।  

गुजरात में सख्त कारर्वाई के निर्देश
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने  भारत बंद के ऐलान को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की ओर से किसानों के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि कहा कि बंद के नाम पर जबर्दस्ती करने वालों और कानून व्यवस्था की स्थिति को पलीता लगाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कारर्वाई की जाएगी।  मुख्यमंत्री ने साफ किया  कि राज्य में बंद को सफलता नहीं मिलेगी और जो कृषि उत्पाद बाज़ार समितियां यानी एपीएमसी पुलिस बंदोबस्त की मांग करेगी, उन्हें पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी सरकार मुहैया कराएगी। 
 

vasudha

Advertising