चरित्र पर संदेह को लेकर व्यक्ति ने पत्नी पर फेंका तेजाब

Monday, Jan 22, 2018 - 02:58 PM (IST)

जाजपुर: जाजपुर जिले में चरित्र पर संदेह को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कथित तौर पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने आज बताया कि मालपाडा गांव में शनिवार शाम को हुयी घटना में करीब 40 वर्षीय महिला का चेहरा और पीठ बुरी तरह झुलस गया।  पड़ोसियों ने महिला को बचाया और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसकी हालत बिगडऩे पर उसे यहां जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

जाजपुर के उप संभागीय पुलिस अधिकारी प्रशांत कुमार मल्ल ने बताया कि आरोपी की पहचान भागीरथी माहलिक (45) के रूप में की गयी है और उसे कल गिरफ्तार किया गया। एक स्थानीय अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुये उसे बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पीड़िता की 20 वर्षीय बेटी द्वारा दर्ज करायी गयी एफआईआर के मुताबिक उसके पिता भागीरथी को उसकी मां के चरित्र पर संदेह था।  

एफआईआर में बताया गया है कि वह अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहा था।  एफआईआर के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम को उस समय हुयी जब व्यक्ति की पत्नी से लड़ाई हो गयी और उसने तेजाब फेंक दिया।  

Advertising