मां करा रही थी मैटरनिटी फोटोशूट, पास खेल रहा बच्चा पूल में गिरा, मौत— परिवार सदमे में

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 03:59 PM (IST)

बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है। जिस घर में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां एक पल में चीख-पुकार मच गई। आठ महीने की गर्भवती स्वाती अपने मैटरनिटी फोटोशूट (Maternity Photoshoot) के दौरान यादें संजोने में व्यस्त थीं, तभी उनका छोटा बेटा लक्ष्मीर खेलते-खेलते पानी के पूल में गिर गया। जब तक परिवार और वहां मौजूद स्टाफ को हादसे का अहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस हृदयविदारक घटना ने सुरक्षा मानकों और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

खुशियों के बीच चुपचाप मौत ने दी दस्तक
हादसा शनिवार का बताया जा रहा है। स्वाती और चरण अपने दूसरे बच्चे के आगमन को यादगार बनाने के लिए एक वाटर पूल के किनारे फोटोशूट करवा रहे थे। आठ महीने की प्रेग्नेंट स्वाती पोज दे रही थीं और उनका छोटा बेटा लक्ष्मीर पास में ही खेल रहा था। अचानक खेलते-खेलते मासूम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। फोटोशूट के शोर-शराबे और व्यस्तता के बीच किसी का ध्यान समय रहते पूल की तरफ नहीं गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
काफी देर बाद जब बच्चे की तलाश शुरू हुई, तो वह पूल के पानी में बेसुध मिला। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (मृत) घोषित कर दिया। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम सरकारी अस्पताल में कराया गया है। इस पूरी घटना के वक्त बच्चे के पिता काम के सिलसिले में विदेश में थे, जिनके आज वापस लौटने की उम्मीद है। पिता के आने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पुलिस जांच के घेरे में फोटोशूट क्रू और सुरक्षा इंतजाम
बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि क्या फोटोशूट स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे? क्या पूल के आसपास कोई सुरक्षा गार्ड या बाउंड्री मौजूद थी? पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फोटोशूट कराने वाली टीम और वहां मौजूद अन्य लोगों ने क्या बच्चे की सुरक्षा को लेकर कोताही बरती।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News