बंगाल हिंसाः भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की पीड़ित परिवारों से मुलाकात, ममता पर साधा निशाना

Tuesday, May 04, 2021 - 05:15 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद कई जगहों पर हिंसा और आगजनी हुई है। बंगाल में भाजपा के दफ्तर और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को बंगाल दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

भाजपा अध्यक्ष ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि दीदी को लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि बंगाल में आज तानाशाही दिख रही है। नड्डा ने कहा कि चुनाव बाद टीएमसी के गुंडे घर में घुसकर हमला कर रहे हैं। नड्डा ने दक्षिण 24 परगना के गोपालनगर का दौरा किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा पीड़ितो को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ेगी।

भाजपा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की सरकार राज्य में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद हिंसा को बढ़ावा दे रही है। दभाजपा का दावा है कि बंगाल में चुनाव के परिणाम आने के बाद शुरू हुई हिंसा में पार्टी के कई कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के हिंसा पीड़ति परिवारों से मिलने की भी संभावना है। 

इस बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने हिंसा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुये सरकार से शांति और सछ्वाव बहाल करने के लिए कहा है। भाजपा नेता सांबित पात्रा ने नयी दिल्ली में एक वर्चुअल मीडिया कांफ्रेंस में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हाल में किये गये हमले राज्य-प्रायोजित हिंसा थी।

पात्रा ने सवाल किया, ‘‘क्या भारत में एक लोकतांत्रितक पार्टी को वोट देना और उसके उम्मीदवार को चुनना अपराध है?'' उन्होंने कहा कि बंगाल में हाल के चुनावों में करीब 2.28 करोड़ लोगों ने भाजपा के पक्ष में वोट दिया है।

गौरतलब है कि 2 मई को घोषित विधानसभा परिणाम में टीएमसी को तीसरी बार प्रचंड बहुमत मिला है। ममता बनर्जी की पार्टी ने बंगाल में 213 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 81 सीटों पर जीत मिली है। ममता बनर्जी 5 मई को लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
 

Yaspal

Advertising