Bengal Election 2026: फॉर्म-6 विवाद पर EC ऑफिस के बाहर बवाल, BJP-TMC कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 06:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच मंगलवार को कोलकाता स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर Bharatiya Janata Party और All India Trinamool Congress के कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार टकराव हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात करना पड़ा। वरिष्ठ अधिकारी भी हालात काबू में करने के लिए मौके पर पहुंचे।
फॉर्म-6 बना विवाद की जड़
बताया जा रहा है कि पूरा मामला फॉर्म-6 को लेकर शुरू हुआ, जिसका इस्तेमाल मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए किया जाता है। टीएमसी समर्थकों का आरोप है कि एक व्यक्ति बड़ी संख्या में फॉर्म-6 लेकर चुनाव आयोग कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। उन्हें शक हुआ कि यह प्रक्रिया नियमों के खिलाफ है, जिसके बाद उन्होंने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और कार्रवाई की मांग को लेकर वहीं धरने पर बैठ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया, लेकिन तब तक माहौल काफी तनावपूर्ण हो चुका था।
दोनों दल आमने-सामने, जमकर नारेबाजी
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेड के दोनों ओर आमने-सामने खड़े हो गए और जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर उनके लोगों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। वहीं टीएमसी की ओर से दावा किया गया कि भाजपा समर्थकों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। इस दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि कई जगहों पर धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई।
Abhishek Banerjee ने पहले ही लगाए थे गंभीर आरोप
इस विवाद से एक दिन पहले टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि फॉर्म-6 के जरिए बाहरी राज्यों के लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पूरे मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग भी की थी।
चुनाव से पहले बढ़ता तनाव
पश्चिम बंगाल में 294 सीटों के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल 2026 को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। ऐसे में इस तरह की घटनाएं साफ संकेत दे रही हैं कि चुनावी मुकाबला काफी तीखा होने वाला है। फिलहाल चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
