बंगाल विधानसभा चुनावः कांग्रेस ने जारी की 13 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Sunday, Mar 07, 2021 - 05:34 AM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 13 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी उम्मीदवारों की सूची में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता नेपाल महतो का नाम भी शामिल है जो अपनी वर्तमान सीट बाघमुंडी से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस पश्चिम बंगाल में वाम दलों और इंडियन सेक्युलर फ्रंट के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। 

गठबंधन में बनी सहमति के मुताबिक, कांग्रेस 2016 की तरह इस बार भी 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होगा। राज्य में 27 मार्च, एक अप्रैल, छह अप्रैल, दस अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को अलग-अलग क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। इससे पहले बीजेपी ने भी बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी लिस्ट जारी की थी। बीजेपी ने पहली लिस्ट में कुल 57 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए।

Pardeep

Advertising