हॉलीवुड स्टाइल में बैंक को लूटा, 25 फुट लंबी सुरंग खोद करोड़ों ले उड़े चोर

Tuesday, Nov 14, 2017 - 10:21 AM (IST)

महाराष्ट्रः नवी मुंबई में चोरों द्वारा हॉलीवुड स्टाइल में बैंक लूटने का मामला सामने आया है। चोरों ने हॉलीवुड फिल्म 'द बैंक जॉब' की तर्ज पर बैंक ऑफ बड़ौदा के जुईनगर शाखा में डाका डालने के लिए 25 फुट लंबी सुरंग खोदी और करोड़ों रुपए व लॉकर में रखे सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। रविवार को छुट्टी होने की वजह से बैंक बंद थे, सोमवार सुबह जब कर्मचारी बैंक खोलकर अंदर गए तो वहां का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। संदेह जाताया जा रहा है कि चोरों ने इस वारदात को अंजाम शनिवार या रविवार रात को दिया। नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले ने बताया कि चोरों ने मई में बैंक के बगल में एक दुकान किराए पर ली थी। उसी दुकान से करीब 30 फीट लंबी सुरंग खोदी और बैंक में दाखिल हुए।

चोर करीब 30 लॉकर तोड़ कर करोड़ों रुपए चुरा ले गए। वहीं घटना के बाद दुकान में रहने वाले लोग फरार हैं। वहीं पुलिस को शक है कि इस लूट के पीछे झारखंड के किसी गिरोह का काम हो सकता है। पुलिस के मुताबिक चोर पिछले कई महीनों से बैंक के बारे में जानकारी जुटा रहे थे और जब उनकी रेकी पूरी हुई तो उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। बैंक में खाताधारक रूपाली अडागले ने बताया कि वह सुबह अपना लॉकर खोलने के लिए आई थी। तभी कर्मचारियों ने लॉकर रूम का दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन दरवाजा अटक रहा था। इसके बाद बैंक अधिकारीयों ने अन्य कर्मचारियों की मदद से दरवाजा खोला तो लूट के बारे में पता चला।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सुरंग की छानबीन की तो इसका रास्ता सीधा दुकान में जाकर खुला। दुकान शरद कोठावले की है उसने इसे गेना प्रसाद नाम के शख्स को किराए पर दे रखा था। चोर काफी समय से दुकाम में खुदाई कर रहे थे, इशके बारे में किसी को भनक न लगे इसके लिए चोरों ने  बल्लियां और प्लाई लगाईं थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

Advertising