घर के लिए मिट्टी लेने गई मां-बेटे पर ढहा टीला, 11 वर्षीय इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 07:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कला नई बस्ती में सोमवार को दिवाली की तैयारियों के लिए मिट्टी लेने गए मां-बेटे पर मिट्टी का टीला ढह गया। इस हादसे में 11 वर्षीय मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां ममता गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।

मिट्टी लेने गए थे मां-बेटे
जानकारी के अनुसार, ममता अपने बेटे मोनू के साथ दिवाली से पहले घर की लिपाई-पुताई के लिए गांव के पास बने एक मिट्टी के टीले से मिट्टी निकालने गई थी। इसी दौरान अचानक टीला भरभराकर ढह गया, जिसके नीचे दोनों दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उनकी चीखें सुनकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और मिट्टी खोदकर मां-बेटे को बाहर निकाला।

अस्पताल में बच्चे को घोषित किया मृत
दोनों को तत्काल पैलानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद मोनू को मृत घोषित कर दिया। ममता का इलाज अभी भी जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक मोनू कक्षा 7 का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था।

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच शुरू
इस हादसे के बाद ममता के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पैलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी निकालते समय टीला धंस गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राजस्व विभाग के साथ मिलकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दुखद घटना ने पूरे खप्टिहा कला गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मोनू एक होनहार और मिलनसार बच्चा था, और इस हादसे ने सभी को सदमे में डाल दिया। गांव में मातम का माहौल है, और लोग ममता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News