Big Update From IMD: कहीं 47 डिग्री का टॉर्चर तो कहीं होगी झमाझम बारिश, 16 राज्यों में लू का अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 11:41 AM (IST)

IMD Weather Update : भारत में इस समय मौसम के दो बेहद अलग और चरम रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के राज्य रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में हैं वहीं दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मॉनसून की आहट के साथ भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए अगले 5 दिनों का बड़ा वेदर अपडेट जारी किया है।

देश के कई शहरों में इस समय सूरज की तपिश इतनी ज्यादा है कि अधिकतम तापमान 45°C से लेकर 47°C के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 24 मई तक उत्तर और मध्य भारत के सभी राज्यों में भीषण लू चलेगी। दिन तो झुलसाएंगे ही साथ ही रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं।

PunjabKesari

प्रमुख शहरों का हालिया तापमान

बांदा (उत्तर प्रदेश): 47.6°C (देश का सबसे गर्म शहर)

बठिंडा (पंजाब): 47.0°C

वर्धा (महाराष्ट्र): 46.5°C

सिरसा (हरियाणा): 46.2°C

चित्तौड़गढ़-पिलानी (राजस्थान): 46.2°C

PunjabKesari

दिल्ली-NCR में बढ़ेगा पारा

देश की राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी की मार झेल रही है। दिल्ली में बीते दिन अधिकतम तापमान 43.4°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में दिन के तापमान में 2°C और रात के तापमान में 2 से 3°C की और बढ़ोतरी होगी। 24 मई तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और लू की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान दोपहर में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी जो कभी-कभी 40 किमी प्रति घंटे के झोंकों में बदल सकती हैं।

मॉनसून की एंट्री: कहां तक पहुंचे बादल?

तपते भारत के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। आईएमडी के मुताबिक देश में इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) एक्टिव हैं। इसके प्रभाव से मॉनसून आज दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

PunjabKesari

दक्षिण भारत में 5 दिन भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते दक्षिण भारत के राज्यों में 24 मई तक मौसम खराब रहेगा। केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय व आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले (ओलावृष्टि) गिर सकते हैं और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

PunjabKesari

24 मई तक पूर्वोत्तर भारत में बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर (North-East) के राज्यों में भी बादलों का डेरा रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 मई तक गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News