ब्लू व्हेल गेम को प्रतिबंधित करें: जोशी

Monday, Aug 14, 2017 - 09:37 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश के तकनीकी शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), स्कूल शिक्षा एवं श्रम राज्य मंत्री दीपक जोशी ने मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर‘ब्लू व्हेल चैलेंज’मोबाइल गेम को प्रतिबंधित करने की मांग की है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जोशी ने कहा है कि इस गेम के जाल में फंसकर बच्चे आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठा रहे हैं। 

उन्होंने स्कूल शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के प्रमुख सचिवों को भी इस गेम से होने वाले नुकसान के प्रति शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों को जागरूक करने के संबंध में जरूरी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। दुनिया भर में बच्चों की जान लेने के लिए कुख्यात होते जा रहे ब्लू व्हेल गेम के फेर में पड़ कर इंदौर में चार दिन पहले कक्षा सात के एक छात्र ने गेम संचालकों की चुनौती स्वीकार करते हुए अपने स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदने की कोशिश की थी, हालांकि उसके सहपाठियों और शिक्षकों ने समय रहते उसे बचा लिया था। इस गेम के फेर में पड़ कर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर में दो बच्चे अपनी जान दे चुके हैं।  

Advertising