अयोध्या केस के बाद बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति हुई सख्त, दान-चढ़ावे की निगरानी के लिए जारी किए कड़े निर्देश
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 12:05 PM (IST)
नेशनल डेस्क: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मामले के बाद, अब उत्तराखंड की श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। आगे आने वाले समय में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर में कोई भी गड़बड़ी न हो इसके लिए कमेटी के अंदर आने वाले सभी मंदिरों के लिए बेहद कड़े और नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नए नियमों को लाने का मुख्य उद्देश्य मंदिर में चढ़ने वाले दान को लेकर पारदर्शिता लाना है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जारी किए सख्त आदेश
कल यानी की 2 जुलाी को मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंगर की ओर से एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया। इस आदेश के तहत बदरीनाथ, केदारनाथ और समिति के नियंत्रण वाले अन्य सभी मंदिरों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी के दायरे में आएंगे ये विभाग
- दान और चढ़ावा गिनने वाले केंद्र (Counting Centers)
- लेखा शाखाएं (Accounts Departments)
- सरकारी खजाना/कोषागार अनुभाग (Treasury Sections)
- मंदिर के अतिथि गृह (Guest Houses)
- पूजा बुकिंग काउंटर (Pooja Counters)
आदेश में कही गई ये बातें
सख्त आदेश जारी करते हुए कहा गया कि भक्तों द्वारा चढ़ाए गए नकद धन या किसी भी सामग्री के रख-रखाव में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राम मंदिर में चढ़ावे के मामले में गड़बड़ी को लेकर BKTC ने कहा बदरीनाथ-केदारनाथ के दान, चढ़ावे और किराए से मिलने वाली राशि के मैनेजमेंट में खास सावधानी बरतने की जरुरत है। इसी के साथ संबंधित प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अपने- अपने क्षेत्रों में कड़ी नजर रखें।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
मंदिर समिति ने कड़े लहजे में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगर भविष्य में किसी भी स्तर पर कोई भी वित्तीय गड़बड़ी होती है या फिर कोई लापरवाही की शिकायत आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
