बच्छदुआ की पूजा कर मांओं ने मांगी बच्चों की लंबी उम्र

Friday, Aug 18, 2017 - 11:24 PM (IST)

जम्मू: मन्दिरों के शहर में शुक्रवार को मांओं ने बच्छदुआ का व्रत और पूजा अर्चना कर बच्चों की लंबी दुआ मांगी। यह व्रत घर में मवेशियों की सलामती और पुत्रों की लंबी आयु के लिए किया जाता है। सुबह से ही नहरों, मन्दिरों और पार्कों में महिलाएं पूजा के लिए जमा होने लग गईं। पूजा तक निर्जल किए जाने वाले इस व्रत की जम्मू संभाग में काफी महत्व माना जाता है।
यूं तो जम्मू मन्दिरों का शहर है। आए दिन कोई न कोई त्यौहार डुग्गर प्रांत को रौनकमी करता रहता है पर बच्चों की खुशहाली से जुड़ा बच्छदुआ का पर्व जम्मू में पूरी श्रद्धा से मनाया जाता है। इस व्रत को ब्राहम्णी संपन्न करवाती है। कुल देवताओं से जुड़े इस व्रत को डुग्गर प्रदेश में हर पारिवारिक महिला रखती है।

बच्चों को चढ़ाया गया बन्न
घर में होने वाले पुत्रों को बच्छदुआ के दिन पहली बार बन्न चढ़ाने की भी डुग्गर संस्कृति में मान्यता है। छोटे शिशुओं को बन्न चढ़ाकर माताएं उनकी दीर्घ आयु की प्रार्थना करती हैं। कुछ लोग इसे कुल देवताओं से जोडक़र देखते हैं। मान्यता है कि यह व्रत करने वाली महिलाओं का परिवार दूध-दही और पुत्र पौत्रों से संपन्न रहता है।

 

Advertising