जर्मनी में 20 महीने से फंसी बेबी अरिहा, परेशान मां बोलीं- सुषमा स्वराज की याद आ रही!
punjabkesari.in Friday, Jun 02, 2023 - 09:46 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत ने शुक्रवार को जर्मनी से उस भारतीय बच्ची को जल्द से जल्द वापस भेजने का अनुरोध किया, जो 20 महीने से अधिक समय से बर्लिन में बाल देखभाल गृह में रह रही है। भारत ने इस बात पर जोर दिया कि बच्ची का उसके भाषाई, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश में रहना महत्वपूर्ण है। जर्मन अधिकारियों ने 23 सितंबर, 2021 को सात महीने की अरिहा शाह को यह आरोप लगाते हुए अपनी देखरेख में ले लिया था कि माता-पिता ने उसे परेशान किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि अरिहा का लगातार जर्मनी के बाल देखभाल गृह में रहना उसके सामाजिक, सांस्कृतिक और भाषाई अधिकारों का ‘‘उल्लंघन'' है जो भारत सरकार और उसके माता-पिता के लिए गहरी चिंता का विषय है। बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर अरिहा को वापस घर लाने के मामले में मदद मांगी थी।
एक सवाल के जवाब में बागची ने कहा, ‘‘हम यह दोहराना चाहते हैं कि अरिहा शाह एक भारतीय नागरिक है और उसकी राष्ट्रीयता और सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि सबसे महत्वपूर्ण निर्धारक है, जहां उसका पालन-पोषण किया जाना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम जर्मन अधिकारियों से अरिहा को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए हर संभव प्रयास करने का आग्रह करते हैं, जो एक भारतीय नागरिक के रूप में उसका अधिकार भी है।'' बागची ने कहा कि विदेश मंत्रालय और बर्लिन में भारतीय दूतावास अरिहा की स्वदेश वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
'सुषमा स्वराज एक मां का दर्द समझती थीं'
अरिहा की परेशान और भावुक मां धारा शाह ने अपने बच्ची को वापस पाने के संघर्ष के बीच दिवंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को याद किया है। उन्होंने कहा, 'सुषमा स्वराज एक मां थीं, इसलिए वह एक मां का दर्द समझती थीं। यहां तक कि विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने हमेशा इस कारण का समर्थन किया। वह कहती थीं, अगर बच्चा भारतीय नागरिक है तो हमें पता है कि अपने बच्चे की देखभाल कैसे करनी है. यह उनका स्टैंड था. 20 महीने हो गए हैं। मुझे विश्वास है कि अगर भारत सरकार हस्तक्षेप करती है, अगर प्रधानमंत्री मोदी इस मामले में हस्तक्षेप करते हैं, तो मेरी बेटी को न्याय मिलेगा। वह एक भारतीय बच्ची है। वह एक गुजराती बच्ची है।