चढ़ावा चोरी केस में अविनाश शुक्ला की गर्लफ्रेंड बनी जांच का नया केंद्र, 2 लाख कैश और महंगी मोबाइल पर जांच एजेंसियों की नजर

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 01:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT (विशेष जांच दल) और अयोध्या पुलिस जांच कर रही है। जांच जैसे- जैसे आगे बढ़ रही उसी क्रम में रोज नए- नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस जांच में मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के 15 लाख रुपये से अधिक के वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह रकम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी है या किसी अन्य स्रोत से प्राप्त हुई थी।

महिला मित्र पर एजेंसियों की नजर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अविनाश शुक्ला ने अपनी एक महिला मित्र को करीब दो लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा उसने उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया था। इन खर्चों ने जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है और अब इस बात की पड़ताल की जा रही है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई।

वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच
जांच अधिकारी आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन, नकद लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं। साथ ही, जिन लोगों के साथ आरोपी का आर्थिक लेन-देन हुआ है, उनसे भी पूछताछ की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। यदि वित्तीय लेन-देन का संबंध मंदिर के चढ़ावे से जुड़ा पाया जाता है, तो जांच का दायरा और बढ़ाया जाएगा। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News