ऑस्ट्रेलियाई PM अल्बनीज ने किया INS विक्रांत का दौरा, LCA तेजस के कॉकपिट में भी बैठे

Thursday, Mar 09, 2023 - 06:54 PM (IST)

नेशनल डेस्कः ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज गुरुवार को अहमदाबाद के बाद मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने स्वदेशी एयरक्राफ्ट करियर आईएनएस विक्रांस का दौरा किया। इस दौरान उन्हें भारतीय नौसेना ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। आईएनएस विक्रांत पर दौरे के दौरान अल्बनीज ने स्वदेशी फाइटर जेट तेजस के कॉकपिट में बैठे।


बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज बुधवार से चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। उनका जहाज बुधवार करीब चार बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा। यहां उनका स्वागत गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया। अल्बनीज एयरपोर्ट से सीधे साबरमती आश्रम पहुंचे। जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और खादी के बारे में जानकारी ली।

साबरमती आश्रम का किया दौरा
अल्बनीज ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके मूल्य और दर्शन आज भी दुनिया को प्रेरित करते हैं और उनके जीवन से काफी कुछ सीखा जा सकता है। अल्बनीज यहां शाम में सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से सीधे महात्मा गांधी के आश्रम गए। साबरमती आश्रम भारत के स्वतंत्रता संग्राम से भी जुड़ा स्थान है। 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने 1917 में साबरमती नदी के तट पर इस आश्रम की स्थापना की थी और मार्च 1930 तक वह यहां रहे। अल्बनीज ने महात्मा गांधी के सम्मान में अपने जूते उतार दिए। राजभवन रवाना होने से पहले उन्होंने लिखा, "महात्मा गांधी का आश्रम आना, उन्हें श्रद्धांजलि देना एक बड़ा सम्मान है, जिनके दर्शन और जीवन मूल्य आज भी दुनिया को प्रेरित करते हैं। हमें उनके उदाहरण से बहुत कुछ सीख सकते हैं।" 

अहमदाबाद में खेली होली
इसके बाद ऑस्टेलियाई पीएम गुजरात में होली मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित राजभवन में होली मनाई और कहा कि रंगों का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। राजभवन में समारोह में उनका स्वागत किया और उनके चेहरे पर गुलाल लगाया। राज्यपाल द्वारा ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में ‘होली समारोह' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

मोटेरा स्टेडियम में लिखी गई नई इबारत
वहीं, गुरुवार को उत्सव के माहौल के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर मौजूद लगभग 40 हजार दर्शकों को क्रिकेट कूटनीति की झलक देखने को मिली जब चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच से पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उनके समकक्ष एंथोनी अल्बानीज दोनों टीम के बीच मुकाबले से पहले यहां पहुंचे। मैच से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 75 साल की दोस्ती के अवसर पर अल्बानीज और मोदी ने मैदान का ‘लैप ऑफ ऑनर' लगाया।

दोनों देशों के प्रमुखों की उपस्थिति के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। यही कारण है कि जब मोदी और अल्बानीज ने क्रिकेट थीम वाली छोटी गाड़ी में मैदान का चक्कर लगाया तो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम आधा भी नहीं भरा था। स्टेडियम में मौजूद लोगों ने हालांकि तालियां बजाकर गर्मजोशी से दोनों नेताओं का स्वागत किया।

 

Yaspal

Advertising