''टू प्लस टू'' वार्ता: भारत आएंगे ऑस्ट्रेलियाई विदेश और रक्षा मंत्री; क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल देखने जा सकते हैं

Friday, Nov 17, 2023 - 07:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स सोमवार को ‘2 प्लस 2' मंत्रिस्तरीय वार्ता में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा पर आएंगे। वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किये जाने की संभावना है। इस बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने यह जानकारी दी। ऐसा समझा जाता है कि मार्ल्स या वोंग या दोनों रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच भी देख सकते हैं। मार्ल्स ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री भी हैं।

ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के एक प्रवक्ता से जब पूछा गया कि क्या मार्ल्स या वोंग या दोनों मैच देखेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का अच्छा प्रतिनिधित्व रहेगा।'' मामले के बारे में जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार शाम दिल्ली में होने वाली ‘2 प्लस 2' वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।



मंगलवार को चारों मंत्री संवाददाता सम्मेलन कर सकते हैं। ऐसी उम्मीद है कि दोनों पक्ष ‘टू प्लस टू' मंत्रिस्तरीय वार्ता में समग्र रक्षा और सुरक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने पर व्यापक रूप से ध्यान केंद्रित करेंगे। ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों ‘क्वाड' (चतुष्पक्षीय संवाद समूह) के सदस्य हैं। यह समूह एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने पर केंद्रित है। क्वाड के अन्य दो सदस्य अमेरिका और जापान हैं।


भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इससे पहले ‘टू प्लस टू' मंत्रिस्तरीय वार्ता सितंबर, 2021 में हुई थी। भारत इस तरह के प्रारूप में अमेरिका और जापान समेत कुछ ही देशों के साथ वार्ता करता है। भारत-अमेरिका विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता का नवीनतम संस्करण 10 नवंबर को नयी दिल्ली में संपन्न हुआ था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय रक्षा और रणनीतिक संबंध पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़े हैं।

Parveen Kumar

Advertising