बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमला, भारत पीएम हसीना के समक्ष उठाएगा मुद्दा

Sunday, Nov 06, 2016 - 05:02 PM (IST)

नई दिल्ली: बांग्लादेश में हिन्दुआें पर ताजा हमलों के बीच विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ढाका स्थित भारतीय उच्चायुक्त को निर्देश दिया है कि वह उस देश में समुदाय की सुरक्षा को लेकर भारत की गंभीर चिंताआें के बारे में प्रधानमंत्री शेख हसीना को बताएं।   सुषमा ने आज ट्वीट किया, ‘‘ मैंने ढाका स्थित भारतीय उच्चायुक्त से वहां की प्रधानमंत्री से बात करने और बांग्लादेश में हिन्दुआें की सुरक्षा और कुशलक्षेम के बारे में हमारी गंभीर चिंता उनके समक्ष व्यक्त करने को कहा है। ’’

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में हिंदुआें पर ताजा हमले की घटना में अज्ञात शरारती तत्वों ने उनके कुछ मकानों में आग लगा दी और दो मंदिरों में तोडफ़ोड़ की। कुछ दिनों पहले भी अल्पसंख्यक हिंदुआें को निशाना बनाया गया था। हिंदू समुदाय के लोगों पर हमले की ताजा घटना ब्राह्मणबरिया जिले के नासिरनगर इलाके की है। इस्लाम धर्म के संदर्भ में एक फेसबुक पोस्ट के बाद कम से कम 15 मंदिरों और 20 से अधिक मकानों में तोडफ़ोड़ की गई है।

हमले के बाद कई हिंदू परिवार अपने मकानों को छोड़कर चले गए और दूसरे इलाकों में शरण ले ली है। बांग्लादेश में कल हुई ताजा घटना के बाद तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने बीते 30 अक्तूबर को ब्राह्मणबरिया में हिंदुआें पर हमले की घटनाआें में कथित तौर पर शामिल 33 लोगों को हिरासत में लिया है। पूरी रात चली छापेमारी में इन लोगों को पकड़ा गया। इससे पहले भी भारत ने बांग्लादेश के समक्ष अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के विषय को उठाया था। 

Advertising