घर पर हुए हमले पर बोले दिल्ली CM केजरीवाल, देश के लिए जान भी हाजिर है

Thursday, Mar 31, 2022 - 01:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर हुए हमले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि अगर भारत की सबसे बड़ी पार्टी उपद्रव में शामिल होती है तो इससे गलत संदेश जाएगा। साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल नहीं, बल्कि देश महत्वपूर्ण है। मैं देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर सकता हूं। बता दें कि केजरीवाल के आवास पर तोड़फोड़ करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

 

सूत्रों ने बताया कि आठ लोगों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है तथा यह संख्या अभी और बढ़ सकती है। फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स' के संबंध में दिए गए केजरीवाल के बयान के खिलाफ भाजपा की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन के दौरान बुधवार को मुख्यमंत्री के आवास पर कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने बुधवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ इस संबंध में मामला दर्ज किया था। वहीं इस हमले को लेकर AAP ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

 

भाजपा के युवा कार्यकर्त्ताओं ने सिर्फ केजरीवाल के घर के मेन गेट पर रंग लगाया था लेकिन अब  AAP इसे हत्या का रूप दे रही है। वहीं भाजपा ने विस्थापित कश्मीरी पंडितों का ‘‘मजाक उड़ाने'' वाली केजरीवाल की टिप्पणियों के खिलाफ ‘‘जन आक्रोश'' के बाद आम आदमी पार्टी पर एक नाटक रचने और ‘‘विक्टिम कार्ड'' खेलने का आरोप लगाया।

 

इससे पहले बुधवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव में हार से हताश भाजपा केजरीवाल को ‘‘मारना'' चाहती है। सिसोदिया ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा ‘‘भारतीय जनता युवा मोर्चा'' के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन के दौरान केजरीवाल के आवास पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के लिए लगाए गए अवरोधकों को क्षतिग्रस्त किया।

Seema Sharma

Advertising