पीडीपी नेता के घर पर हमला, उपद्रवियों ने आग लगाने की कोशिश

Friday, Dec 16, 2016 - 11:24 AM (IST)

श्रीनगर : उतर कश्मीर में कुपवाड़ा जिला के हंदवारा शहर में सत्तारुढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पी.डी.पी.) के वरिष्ठ नेता और जिला युवा अध्यक्ष मलिक अब्दुल हमीद के घर पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हंदवारा शहर के चोगल इलाके में मध्य रात के दौरान उपद्रवियों ने हमला करके आग लगाने की कोशिश की।


घटना की पुष्टि करते हुए पी.डी.पी. नेता मलिक अब्दुल हमीद ने कहा कि उनके घर पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया और उनके घर के साथ-साथ दुकानों में आग लगा दी। मध्य रात करीब 12.30 बजे अज्ञात लोगों ने मकान और संपत्ति पर हमला कर दिया।


हमीद ने कहा कि चोगल के स्थानीय लोगों ने मकान के साथ-साथ उनको भी बचा लिया। हालांकि, घटना में दो दुकानें और अन्य संपत्ति राख हो गई। गौरतलब है कि हमीद ने उतर कश्मीर से निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में 2014 संसदीय चुनावों को लड़ा था। बाद में वह पी.डी.पी. में शामिल हो गए। वर्तमान में हमीद पी.डी.पी. के प्रभावी युवा नेताओं में से एक हैं।


पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी गई है। साथ ही उपद्रवियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।

 

Advertising