मराठी साइनबोर्ड के मुद्दे पर मनसे कार्यकर्ताओं पर हमला

Tuesday, Nov 28, 2017 - 12:51 AM (IST)

मुंबई: मुंबई के उप-नगरीय विक्रोली इलाके में मराठी साइनबोर्ड नहीं लगाने के मुद्दे पर दुकानदारों के साथ हुई झड़प में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के चार कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।   कांग्रेस के दो और मनसे के चार कार्यकर्ताओं को इस सिलसिले में सोमवार को गिरफ्तार किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कल रात कन्नमवार इलाके में उस वक्त हुई जब मनसे कार्यकर्ता दुकानों में मराठी साइनबोर्ड लगाने को लेकर पर्चे बांट रहे थे। उसी वक्त मनसे कार्यकर्ताओं और कुछ दुकानदारों के बीच झड़प हो गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दुकानदारों ने मनसे कार्यकर्ताओं की पिटाई की जिसमें तीन कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक कार्यकर्ता का सिर फट गया।’’ उन्होंने बताया कि 20-25 लोगों के खिलाफ दंगे और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन जारी है। 

Advertising