इंडिया टुडे-कार्वी का सर्वे: कांग्रेस बनी रहेगी सबसे बड़ी पार्टी

Saturday, Apr 14, 2018 - 11:12 AM (IST)

नई दिल्ली: अगले महीने कर्नाटक में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत मिलने के आसार नहीं हैं। इंडिया टुडे-कार्वी की ओर से कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार कांग्रेस को इस चुनाव में 90 से 101 सीटों पर जीत मिल सकती है जबकि सत्ता में वापसी के लिए जी-जान से जुटी भाजपा को 78 से 86 सीटें मिल सकती हैं। कर्नाटक के कुछ इलाकों में जद(एस) का प्रभाव है। वह भी 34 से 43 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। ऐसे में चुनाव के बाद जद(एस) की सरकार बनाने में भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। 

भाजपा को 35 फीसदी वोट मिलने की संभावना
रिपोर्ट के अनुसार सबसे दिलचस्प बात यह है कि सीटों के मामले में आंकड़े चाहे जो हों लेकिन कांग्रेस व भाजपा को मिलने वाले वोटों के औसत में सिर्फ दो फीसदी का अंतर है। कांग्रेस को 37 फीसदी तो भाजपा को 35 फीसदी वोट मिलने की संभावना है।  उल्लेखनीय है कि कर्नाटक विधानसभा की कुल 224 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। वर्ष 2013 में हुए चुनाव में कांग्रेस को 122, भाजपा को 40, जद(एस) को 40 तथा 22 सीटें अन्य को मिली थीं। 

26 फीसदी लोगों ने येदियुरप्पा बताया पहली पंसद
सर्वे में 33 फीसदी लोगों ने सिद्धरमैया को तो 26 फीसदी लोगों ने येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया। जद(एस) के नेता एचडी कुमार स्वामी को 21 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया है। इस चुनाव में कावेरी पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, कर्नाटक के लिए अलग झंडा का प्रस्ताव, लिंगायतों को अलग धर्म  जैसे मुद्दे कांग्रेस को चुनावी मैदान में फायदा पहुंचाते दिख रहे हैं। कर्नाटक में किसी दल को बहुमत के आसार नहीं। 

Anil dev

Advertising