त्रिपुरा और नागालैंड में खिला कमल, मेघालय में किसी को नहीं बहुमत

punjabkesari.in Saturday, Mar 03, 2018 - 10:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पूर्वोत्तर के तीन राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। तीनों पूर्वोत्तर राज्यों के मतों की गणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। त्रिपुरा में भाजपा पूर्ण बहुमत मिला है, वहीं मेघालय में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और नागालैंड में भाजपा ने अपने सहयोगी के साथ जीत हासिल की है। तीनों राज्यों में 60-60 विधानसभा सीटें हैं। लेकिन किसी न किसी कारण तीनों राज्यों में 59-59 सीटों पर मतदान हुआ था।

केसरिया रंग में रंगा वाम किला
त्रिपुरा में पिछले विधानसभा चुनाव तक खाता भी नहीं खोल पाई भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अपने जबर्दस्त प्रदर्शन से वामदलों के ढाई दशक पुराने किले को ढहा कर नया इतिहास रच दिया। साठ सदस्यीय विधानसभा की 59 सीटों पर चुनाव हुए थे जिनमें भाजपा ने इस बार चौंकाने वाला प्रदर्शन करते हुए अकेले 35 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। इस चुनाव मेें उसकी सहयोगी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को आठ सीटों पर जीत मिली है। इस तरह भाजपा गठबंधन को विधानसभा में दो-तिहाई से अधिक बहुमत मिला है। भाजपा की इस जीत से राज्य में 25 वर्ष से चले आ रहे माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के शासन का अंत हो गया है। पिछले चुनावों में 50 के आस-पास जीतने वाला वाम मोर्चा इस बार 16 सीटों पर सिमट गया।

मेघालय में किसी को बहुमत नहीं
मेघालय में बीजेपी को 2 सीटों पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस मेघालय में सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। मेघालय में एनसीपी को 1, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी को 2, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 19, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को 6, खुन हिन्युट्रैप राष्ट्रीय जागृति आंदोलन को 1, पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट को 4 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं।  

नागालैंड में भाजपा गठबंधन की जीत
राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 फरवरी को चुनाव कराया गया था। मेघालय की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 59 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान हुआ था। नॉर्दन अंगामी-दो सीट से एनडीपीपी के प्रमुख नीफियू रियो निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। नगालैंड में एनडीपीपी को 16 सीटों पर जीत मिली है तो वहीं सहयोगी पार्टी भाजपा को 11 सीटें मिली हैं। वहीं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को 1 सीट, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 2 और अन्य के खाते में 1 सीट गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News