BJP शासित राज्यों का हर CM घोटाले में शामिल: राहुल गांधी

punjabkesari.in Saturday, Nov 24, 2018 - 05:43 PM (IST)

सागर: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य सरकारों पर बड़ा हमला करते हुए आज कहा कि भाजपा शासित हर राज्य में वहां का मुख्यमंत्री घोटालों में शामिल है, जहां सार्वजनिक धन चोरी हो जाता है। गांधी ने मध्य प्रदेश के सागर में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासित हर प्रदेश का मुख्यमंत्री कोई न कोई घोटाले में शामिल है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे ने ललित मोदी से पैसा लिया, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे का नाम पनामा पेपर्स में आया। इसी तरह मध्य प्रदेश के मुख्यंमत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में व्यापमं, माइनिंग, डंपर कांड और ई-टेंडरिंग जैसे घोटाले हुए। 

PunjabKesari

गांधी ने कहा, "मैंने जब गलती से पनामा पेपर में शिवराज सिंह चौहान के बेटे का नाम लिया तो तुरंत मानहानि का मामला दर्ज करा दिया। लेकिन जब व्यापमं, डंपर कांड, ई-टेंडरिंग में उनका नाम लिया, तब मानहानि का मामला क्यों नहीं दर्ज कराया।" उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापमं में पूरा का पूरा फायदा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोगों और मुख्यमंत्री चौहान के परिवार को मिल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से वादे करने के अलावा अब तक कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने किसानों के लिये नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स, जबकि भाजपा के मित्रों के लिए कर्ज माफी की है, लेकिन अब ये नहीं चलने वाला है। उन्होंने वादा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के दस दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

PunjabKesari

गांधी ने मंदसौर गोलीकांड की चर्चा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने मंदसौर में अपना हक मांग रहे किसानों पर गोली चलावाई। प्रदेश का किसान अब इसका जवाब देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि किसान बीमा का पैसा देते हैं, लेकिन फायदा अनिल अंबानी को मिलता है। प्रधानमंत्री को ये बात मालूम होनी चाहिए कि इस देश में अकूत शक्ति है। हजारों सालों से ये देश जगा हुआ है। इस देश ने पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों में कांग्रेस की सरकार आने वाली है और शिवराज सिंह चौहान की सरकार जाने वाली है। इसी तरह छह माह बाद होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा और नरेंद्र मोदी की सरकार जाने वाली है।
 
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Related News