अस्पताल जाने के लिए नहीं मिली गाड़ी, बारिश में सड़क पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

Thursday, Sep 13, 2018 - 03:56 PM (IST)

गुवाहाटी: असम में उत्तर लखीमपुर जिले के खबलू क्षेत्र में अस्पताल ले जाने के लिए वाहन न होने के कारण एक महिला ने बारिश के बीच सड़क के किनारे बच्चे को जन्म दिया। प्रसूति के लिए जंग लगी हुई टीन और दो छतरी से छप्पर बनाकर प्रसूता को एकांत उपलब्ध कराया गया। चार अन्य महिलाओं ने बच्चे को जन्म देने में प्रसूता की मदद की। बाद में पास के गांव के लोग मां और बच्चे को सुरक्षित जगह पर ले गए।  बच्चे को सड़क पर जन्म देने के बाद मां और नवजात ने पूरी रात खुली आसमान के नीचे सुबानसिरि नदी के किनारे बिताई और आज सुबह मजुली स्थित पितांबर देव गोस्वामी सिविल अस्पताल में उन्हें भर्ती करवाया गया।

स्थानीय मीडिया से प्राप्त जानकारी के मुताबिक उत्तर लखीमपुर के पथोरिसुक निवासी 22 वर्षीय महिला ऐमोनी नारा कल नियमित उपचार के लिए उसी अस्पताल में जा रही थी, जहां वह आज भर्ती है। इससे पहले डॉक्टर ने सोनोग्राफी टेस्ट भी किया था और बताया था कि अगले सप्ताह के अंत तक बच्चा पैदा होने की कोई उम्मीद नहीं है। ऐमोनी के अनुरोध करने बावजूद डॉक्टर ने उसे वापस घर जाने के लिए कहा। डॉक्टर ने कहा कि पहली बार गर्भावस्था के दौरान पेट में ऐसा दर्द होता है। जैसे ही महिला अपने पति के साथ घर पहुंचने के लिए सुबानसिरी नदी पार करने के लिए नाव पर चढ़ी, उसे प्रसव पीड़ा होने लगी और अपने पति के साथ नदी के किनारे वापस आ गई।

ऐमोनी चलने में भी असमर्थ थी, जिसे देखकर क्षेत्र की चार महिलाएं उसकी मदद के लिए आई और बच्चे को जन्म देने में मदद दी। महिला और नवजात ने स्थानीय लोगों और पत्रकारों की सहायता से पूरी रात खुले आकाश के नीचे नदी किनारे बिताई और आज सुबह वह अस्पताल लाई गई। वाहन न होने की वजह से एक स्थानीय पत्रकार उन्हें साइकिल से अस्पताल लेकर गया। डॉक्टर ने मां-नवजात को अपनी निगरानी में रखा हुआ है। ऐमोनी अपने गांव की आशा कार्यकर्त्ता के साथ पंजीकृत थीं, लेकिन गर्भवती महिलाओं के अंतिम चरण में जरूरी चेक-अप के लिए उसके साथ वह नहीं आ पाई।

Seema Sharma

Advertising