गणतंत्र दिवस परेड में असम को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार

Tuesday, Jan 28, 2020 - 08:21 PM (IST)

नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस पर रविवार आयोजित हुई परेड में असम की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में चुना गया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने “विशेष शिल्प कौशल और संस्कृति” विषय पर आधारित असम की झांकी को मंगलवार को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार दिया। रक्षा मंत्री द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार ओडिशा और उत्तर प्रदेश की झांकी को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार दिया गया। ओडिशा की झांकी में भगवान लिंगराज का मंदिर प्रदर्शित किया गया था और उत्तर प्रदेश की झांकी में सर्व धर्म समभाव की भावना को दिखाया गया था। 

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 16 झांकियां प्रदर्शित की गई थीं। विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की कुल छह झांकियों में से जल शक्ति मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की झांकियों को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार दिया गया। “कश्मीर से कन्याकुमारी” विषय पर आधारित केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की झांकी को देश के विभिन्न भागों को फूलों के माध्यम से दिखाने के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। सिंह ने दिल्ली के सर्वोदय कन्या विद्यालय के बच्चों को सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया।

shukdev

Advertising