असम: उग्रवादियों ने 5 युवकों को लाइन में खड़ा कर मारी गोली, राजनाथ ने सोनोवाल से की बात

Friday, Nov 02, 2018 - 02:36 PM (IST)

नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने असम के तिनसुखिया जिले में पांच लोगों की हत्या की घटना पर दुख व्यक्त किया है और राज्य के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल से बात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुवार को इन लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। उस समय ये लोग एक जगह पर बैठकर लुडो खेल रहे थे। सिंह ने ट्वीट कर कहा कि वह ऊपरी असम क्षेत्र में हुई इस घटना से दुखी हैं।

हिंसा के इस नासमझ कृत्य की वह घोर निंदा करते हैं। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल से इस घटना के बारे में बात की और उनसे इस घृणित हत्या के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। सिंह ने जम्मू-कश्मीर में भाजपा के नेता अनिल परिहार और उनके भाई की निर्मम हत्या की भी निंदा की है। गृहमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि उनकी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। मैंने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल के सलाहकार विजय कुमार से घटना की जानकारी ली है। पुलिस इस घटना के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।

Seema Sharma

Advertising