असम बाढ़ः मरने वालों की संख्या 133 हुई, करीब 17 लाख लोग अभी भी बाढ़ की चपेट में

Thursday, Jul 30, 2020 - 03:29 PM (IST)

नेशनल डेस्कः असम में बाढ़ के पानी में डूबने से तीन और लोगों की मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या 133 हो गई है। राज्य में बाढ़ की स्थिति में सुधार होने के बावजूद 21 जिलों के करीब 17 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, बारपेटा, कोकराझार और कामरुप जिलों में डूबने से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। बुलेटिन के अनुसार, राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अभी तक 133 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 107 लोगों की मौत बाढ़ जनित घटनाओं में हुई है वहीं 26 लोग की मौत भूस्खलन के कारण हुई है।

प्राधिकरण के अनुसार, धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, दरांग, बक्सा, बारपेटा, चिरांग, बोंगाईगांव, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण जोरहाट, माजुली, शिवसागर और डिब्रूगढ़ जिलों में 16.55 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गोपालपारा जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है जहां 4.19 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं वहीं मोरीगांव में 2.63 लाख से ज्यादा और दक्षिण सालमारा में करीब 2.50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

मंगलवार तक राज्य के 21 जिलों के 19.81 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित थे। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को राज्य में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी किया। उन्होंने लखीमपुर के ढाकुखाना में चिरोरिया नदी पर बने एक तटबंध का निरीक्षण किया। सोनोवाल ने ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी, जिहाद नदी स्थल का भी दौरा किया जहां बाढ़ से भारी क्षति हुई है।

Seema Sharma

Advertising