Asian Games 2023: भारत के नाम दर्ज हुई बड़ी जीत, एक दिन में दो बार हार गया बेचारा पाकिस्तान

Saturday, Sep 30, 2023 - 08:45 PM (IST)

नई दिल्ली: पाकिस्तान को एक दिन में दो बार हार का सामना करना पड़ा, वो भी भारत के सामने। एशियन गेम्स 2023 में भारत ने पहले स्क्वॉश में मेंस टीम के मैच में  पाकिस्तान को फाइनल में हराते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं इसके ठीक 4 घंटे बाद भारतीय मेंस हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की। यह मैच एकतरफा रहा, क्योंकि भारत ने 10-2 के साथ पाकिस्तान को चारों खाने चित किया। इसी के साथ भारत ने पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह को भी मुश्किल कर दिया।

बना नया रिकॉर्ड

इसी के साथ भारत ने हॉकी में पाकिस्तान के खिलाफ नया रिकॉर्ड भी बना लिया। यह रिकाॅर्ड है किसी एक मैच में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा गोल दागने का। दोनों टीमों के बीच इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर 9-2 था, जो भारत ने ही हासिल किया था। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा 4 गोल दागे। हीं वरुण भी 2 गोल करने में कामयाब रहे। इसके अलावा शमशेर, मनदीप, ललित और सुमित ने एक-एक गोल किया।

बता दें कि पहले हॉफ से अपनी पकड़ को मजबूत करते हुए 2-0 से खत्म किया था। फिर दूसरे हॉफ में स्कोर लाइन 4-0 तक पहुंच गई थी। तीसरे हॉफ का खेल शुरू होने के साथ भारत ने अपनी लय को बरकरार रखते हुए पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए अपना पांचवां गोल किया। वहीं इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से पेनल्टी स्ट्रोक में 1 गोल आया , पर भारत ने 2 और गोल कर दिए। तीसरे हॉफ तक भारत 7-2 से आगे था। फिर आखिरी क्वार्टर में अपनी लय को बरकरार रखते हुए 3 और गोल करने के साथ 10-2 के अंतर से इस मैच को खत्म किया। अब भारत का पूल ए में आखिरी मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ होगा।

पूल ए के अपने पिछले तीनों मैचों में भारतीय टीम ने जोरदार जीत दर्ज की थी। उज्बेकिस्तान और सिंगापुर जैसी कमजोर टीमों पर तो टीम इंडिया ने 16-16 गोल कर तहलक मचा दिया था, जबकि मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन जापान को 4-2 से धूल चटाई थी। अब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ भी फतह हासिल कर ली। शायद ही कोच क्रेग फुल्टन ने भी इतनी बड़ी जीत के बारे में सोचा होगा।

Parveen Kumar

Advertising