अशोक चौधरी का जोशी पर वार, कहा- संगठन को अपनी जेब में रखना चाहते हैं

Wednesday, Oct 11, 2017 - 02:03 PM (IST)

पटनाः बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी ने राज्य कांग्रेस में विवाद के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश मामले के प्रभारी सीपी जोशी को जिम्मेवार ठहराया है। उन्होंने कहा कि वह संगठन को अपनी जेब में रखना चाहते हैं और इसके लिए अपनी पसंद के नेता अखिलेश प्रसाद सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी के प्रदेश प्रतिनिधियों की बैठक के दौरान असमाजिक तत्व कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में सक्रिय थे और उन लोगों ने उनके करीबी पार्टी कार्यकर्त्ताओं पर हमला किया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में वर्तमान संकट के लिए बिहार मामलों के प्रभारी जोशी जिम्मेवार हैं जो अपनी पसंद के नेता अखिलेश सिंह को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि सिंह ने जनता दल से अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन करते हुए की थी और अब कुछ ही साल पहले कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जोशी के आशीर्वाद से उस पर कब्जा करना चाहते हैं।  

Advertising