''पंजाब केसरी'' के साथ बातचीत में CM केजरीवाल का दावा- इंडिया गठबंधन को मिलेंगी 300 सीटें

punjabkesari.in Friday, May 31, 2024 - 07:01 PM (IST)

लोकसभा चुनावों के लिए हर पार्टी पूरे जोर शोर से चुनाव प्रचार कर रही है। चुनाव प्रचार के लिए पंजाब दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से 'पंजाब केसरी' के प्रतिनिधि रमनदीप सिंह सोढी ने विशेष मुलाकात की। बातचीत में केजरीवाल ने पंजाब के सियासी माहौल पर चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि देशभर में इस बार भाजपा 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी तथा पंजाब सरकार को गिराने की धमकियां दे रहे गृहमंत्री को पंजाब की 3 करोड़ जनता जवाब देगी। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश 

चुनाव के दौरान देशभर में कैसा माहौल लग रहा है? 

देशभर में लोग भाजपा से बहुत नाराज हैं। लोगों में इनको लेकर बहुत गुस्सा है। इसके 2 कारण हैं। एक लोग महंगाई व बेरोजगारी से बहुत परेशान है। लोगों के घर का खर्चा तक नहीं चल रहा। हर चीज का भाव बढ़ गया है। लोगों के घर की आमदन बढ़ने की बजाय कम हो रही है। दूसरा बच्चे बेरोजगार बैठे हैं। लोगों की नौकरियां बढ़ने की बजाय कम हो रही हैं। पड़े लिखे नौजवान डीग्रियां लेकर घर बैठे हैं। ऐसे में लोगों को लगता है कि हमारे प्रधानमंत्री हमारा कोई समाधान करेंगे, हमें महंगाई व बेरोजगारी से छुटकारा दिलाया जाएगा पर जब लोग टी.वी. देखते तो ये प्रधानमंत्री के भाषण में क्या सुनते हैं। ये इन मुद्दों पर बात करने की बजाय गाली गलौच कर रहे हैं। महंगाई व बेरोजगारी की बात नहीं की जा रही।

एक जगह जाकर प्रधानमंत्री कहते हैं कि यदि आपने 'इंडिया' गठबंधन को वोट दी तो यह आपका मंगलसूत्र छीनकर भाग जाएंगे। बताएं इसका क्या गतलब है। दूसरी जगह जाकर कहते हैं कि यदि आपने 'इंडिया' गठबंधन को वोट दी तो वह आपके घरों के नट खोलकर ले जाएंगे। आप की दो भैंसों में से एक भैंस खोलकर ले जाएंगे। मुम्बई में प्रधानमंत्री कहते हैं कि शरद पवार भटकती आत्मा हैं। उद्धव ठाकरे अपने पिता की नकली औलाद हैं। लोग देख रहे हैं कि इनको पता ही नहीं कि हमारी मुश्किलें क्या हैं।

ऐसा करके प्रधानमंत्री जनता के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। दूसरे, आजकल मोदी इतने अहंकार में हैं कि पिछले 15-20 दिनों के सभी इंटरव्यू में अपने आपको भगवान का अवतार बता रहे हैं। कह रहे हैं कि मैंने अपनी मां के गर्भ से जन्म नहीं लिगा बल्कि मैं प्रकट हुआ है। बताएं कौन ऐसा कहेगा। इतना अहंकार कि अपने आपको भगवान बताने लग गए। उनके चहेते भी उन्हें भगवान जगन्नाथ के साथ जोड़ रहे हैं। वो कह रहे हैं कि मोदी ही देवताओं के देवता हैं। पता नहीं भाजपा कौन- सी दुनिया में जी रही है। अगर प्रधानमंत्री कहते कि मैं पैट्रोल डीजल सस्ता कर दूंगा तो यह अच्छा होता। मुझे ऐसा लग रहा है कि इनको 200 से भी कम सीटें मिलेंगी जबकि 'इंडिया' गठजोड़ 300 का आंकड़ा छू सकता है। 

इस बार आपकी क्या भविष्यवाणी है? 

भविष्यवाणी यही है कि भाजपा से लोगों की नाराजगी इतनी है कि उनको भाजपा से कोई उम्मीद नहीं दिखाई दे रही । भाजपा आसमान पर है और यह लोगों को भेड़ बकरियां समझते हैं। 

चुनाव को लेकर पंजाब में क्या लग रहा है?

पंजाब की जनता भगवंत मान सरकार से काफी खुश है। लोगों ने पहले ऐसी सरकार नहीं देखी। बिजली फ्री हो गई। अब पंजाब में पूरी तरह बिजली सरप्लस है। कुछ जगहों को छोड़कर पंजाब में 24 घंटे बिजली मिल रही है। नहरों का पानी पंजाब के गांवों तक पहुंच गया है। जो बिजली किसानों को रात के समय मिलती थी, वह अब दिन में मिल रही है। इसके अलावा जगह जगह मोहल्ला क्लीनिक खुल गए हैं। नौजवानों को 43,000 सरकारी नौकरियां बिना रिश्वत और बिना सिफारिश के दी गई हैं। सरकार ने 2 सालों में बहुत से काम करके दिखाए हैं। अभी बहुत काम करने बाकी हैं। लोग मन बना चुके हैं कि भगवंत गाय के हाथ मजबूर करने के लिए इनके 13 सांसद जिताने हैं । 

गृहमंत्री कह रहे हैं कि 4 जून के बाद पंजाब की सरकार नहीं रहेगी, क्या कहेंगे ?

क्या आपने सोचा था कि देश में ऐसा दिन भी आएगा कि देश का गृहमंत्री गुंडों की तरह धमका कर जाएगा। यह धमकी उन्होंने पंजाब के 3 करोड़ पंजाबियों को दी है। यह गुंडागदी पर उतर आए हैं। इनके मुंह को खून लग गया है। इन्होंने देश में इतनी सरकारें गिरा दी। जो सरकार पसंद नहीं आती उसको गिरा देते हैं। विधायक खरीद लेते हैं, ई.डी. को भेजकर तंग किया जाता है। पंजाब में भी यही प्लान है। मैंने पता किया है कि यह पंजाब में सरकार क्यों गिराना चाहते हैं।

दरअसल हम दिल्ली तथा पंजाब में जो फ्री बिजली दे रहे हैं, इससे यह बहुत बौखला गए हैं। लोगों को मिलने वाली फ्री बिजली रोकने के लिए यह सरकार को गिराना चाहते हैं। मैं पंजाब के लोगों को कहना चाहता हूं कि यदि आपने कमल वाला बटन दबाया तो सोच लेना कि आप अपनी फ्री बिजली बंद करने वाला बटन दबाने जा रहे हैं।

वे पंजाबियों से कह गए हैं कि आपने जो सरकार चुनी है, इसको वह 4 जून के बाद नहीं छोड़ेंगे। आपने जिसको मुख्यमंत्री बनाया है, उसको वह मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे। मैं अमित शाह को कहना चाहता हूं कि पंजाबी बड़े दिल वाले होते हैं। आप प्यार से मांगते तो एक-आध सीट आपको दे भी देते, पर आप धमकी देकर गए हो तो अब आप देख लेना कि यह 3 करोड़ पंजाबी 1 जून को मिलकर आपका क्या हाल करते हैं।

प्रधानमंत्री आपके मुख्यमंत्री को 'कागजी सी.एम.' कह रहे हैं। कहते हैं कि दिल्ली दरबार से हाजिरी लगवाने की फुर्सत नहीं ?

भगवंत मान मेरा छोटा भाई है। वह कितनी बार कह चुके हैं कि मेरे विवाह में केजरीवाल ने पिता का रोल अदा किया था। मैं प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं कि यदि छोटा भाई बड़े भाई से जेल में 2 बार मिलने आ गया तो इसमें क्या हर्ज है। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि मोदी जी जिस तरह आप सारे काम अडानी से पूछकर करते हो, उसी तरह हम अडानी के पास भागे नहीं जाते।

क्या 2 जून को दोबारा जेल जाने की तैयारी है?

बिल्कुल तैयारी है। मैं देश के लिए लड़ रहा हूं। भगत सिंह जब फांसी पर चढ़े थे तो वह हंसते हंसते चढ़े थे। भगत सिंह देश को आजाद करवाने के लिए जेल गए थे, देश को आजाद करवाने के लिए फांसी पर चढ़े। आज मैं देश को तानाशाही से, इस गुंडागर्दी से जो इन्होंने देश में मचाई हुई है। पुतिन ने क्या किया कि सारी विरोधी पार्टियों को जेल में डाल दिया। फिर चुनाव करवाया। इससे पुतिन को 87 प्रतिशत वोटें मिलीं। बंगलादेश में शेख हसीना ने क्या किया, उसने सारे विरोधी गुटों को जेल में डाल दिया और जीत गई। पाकिस्तान में इमरान खान को जेल में डाल दिया गया, उसकी पार्टी तथा सिम्बल छीन लिए और जीत गए। यही नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। शरद पवार की पार्टी एन.सी. पी. के 2 टुकड़े कर दिए। उसकी पार्टी तथा सिम्बल छीन लिया। शिवसेना के 2 टुकड़े कर दिए। फिर कहते हैं कि आ जाओ महाराष्ट्र में चुनाव लड़ते हैं। मुझे गिरफ्तार कर लिया गया। मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया।

संजय सिंह तथा सतेन्द्र जैन को गिरफ्तार किया गया। हमारा बैंक खाता फ्रीज करने की तैयारी की जा रही है और कहते हैं कि आओ चुनाव लड़ते हैं। इस तरह कैसे चुनाव लड़े जा सकते हैं। उधर हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया। देश में तानाशाही लाई जा रही है। सभी विरोधी पार्टियों को जेल में डालकर उनके बैंक खाते फ्रीज किए जा रहे हैं। इस तरह केवल एक ही आदमी बचेगा 'वन नेशन बन लीडर, एक ही पार्टी बचेगी और एक ही पेठा। हमारा देश यह बर्दाश्त नहीं कर सकता। इस तानाशाही के खिलाफ मैं लड़ रहा हूं। चाहे यह मुझे सारी जिंदगी जेल में रखें। मेरे शरीर का एक-एक कतरा देश के लिए है।

आप कह रहे हैं कि भाजपा आई तो रिजर्वेशन खत्म कर देगी, यह दावा आप कैसे कर रहे हैं?

यह बार बार बोल रहे हैं कि हमें 400 सीटें चाहिएं। 400 सीटे किसलिए चाहिएं। सरकार तो 300 सीटों के साथ भी बन सकती है। वो लोगों ने इनसे पूछा कि 100 सीटें चाहिएं क्यों, तो कहा गया कि मोदी जी कुछ बड़ा काम करना चाहते हैं। तो अंदर से पता चला कि बड़ा काम यह है कि यह एस.सी., एस.टी. ओ.बी.सी. का रिजर्मेशन खत्म करना चाहते हैं। इराकी शुरुआत इन्होंने पिछले चुनावों में कर दी थी। 2019 जनवरी के दौरान आपको याद होगा कि इन्होंने ई. डब्ल्यू, एस का रिजर्वेशन शुरू किया था। अब वह एस.सी., एस.टी., ओ.बी.सी का रिजर्वेशन खत्म करना चाहते हैं। इन्होंने पूरा मन बना लिया है पर जब तक केजरीवाल जीवित है, आपका रिजर्वेशन खत्म नहीं होने देंगे।

क्या आपको सजा होने का भय है?

सब कुछ झूठ है। प्रधानमंत्री को मैं हमेशा कहता हूं, यह कहते हैं कि शराब घोटाले में इसने 100 करोड़ रुपए रिश्वत ली पर यह 100 करोड़ रुपए कहां हैं? 100 करोड़ तो छोड़ो, 10 लाख रुपए तक नहीं मिले। यदि 100 करोड़ रुपए की रिश्वत ली है तो कहीं कैश पड़ा होगा। किसी लॉकर या स्विस बैंक में होगा। कहीं गहने खरीदे होंगे। कहीं प्रॉपर्टी खरीदी होगी। कुछ तो किया होगा। कहीं तो पैसा खर्चा होगा। पैसा हवा में थोड़े गायब हो गया। मैंने जब यह बात की तो एक टी.वी. चैनल के पत्रकार ने मोदी से पूछा कि केजरीवाल कह रहे हैं कि आपके पास कोई सबूत नहीं है और न रिकवरी हुई है तो मोदी ने कहा कि मैं मानता हूं कि कोई सबूत नहीं है और न ही रिकवरी हुई है क्योंकि केजरीवाल तजुर्बेकार चोर है। सारे देश के सामने मोदी ने माना कि शराब घोटाला फर्जी है। उनके पास मेरे खिलाफ सबूत नहीं हैं। केवल निजी दुश्मनी के लिए मुझे जेल में डाला गया और राजनीतिक षड्यंत्र खेला जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News