चाहे गर्दन कट जाए पर देश से गद्दारी नहीं करेंगे...पंजबा में मंत्री की गिरफ्तारी पर बोले अरविंद केजरीवाल

Tuesday, May 24, 2022 - 05:28 PM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार मामले में अपने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को पद से हटाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सराहना की है। उन्होंने भगवंत मान के इस कदम पर गर्व जताया। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार राष्ट्र के साथ धोखा हैं, जिसकी अनुमति उनकी पार्टी नहीं देगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आप हर हाल में ईमानदारी का पालन करने वाली पार्टी है और किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार में शामिल पाए जाने पर हम अपनी पार्टी के नेताओं को भी नहीं बख्शेंगे। हमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गर्व है कि उन्होंने भ्रष्टाचार में शामिल पाए गए मंत्री को तुरंत हटा दिया।'' केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार देश और भारत माता के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा, ‘‘हम देश के साथ विश्वासघात करने की बजाय मरना पसंद करेंगे।''

उल्लेखनीय है कि पंजाब पुलिस ने राज्य कैबिनेट से बाहर किये जाने के तुरंत बाद विजय सिंगल को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सिंगला अपने विभाग में खरीदारी और निविदा को लेकर ‘एक फीसदी कमीशन' की मांग कर रहे थे। केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2015 में उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोपों पर इसी तरह की कार्रवाई करते हुए अपने खाद्य मंत्री को हटा दिया था।

Yaspal

Advertising