दिल्ली सरकार ने की पूरी व्यवस्था, विदेश में फंसे भारतीयों को लाएंगे घर वापिस

Friday, May 08, 2020 - 03:15 PM (IST)

नई दिल्ली/डेस्क। दुनिया भर में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के कारण कई भारतीय विदेशों में फंसे हैं, वो घर आना चाहते हैं। भारत सरकार ने इन लोगों को देश वापस लाना शुरू कर दिया है। वहीं दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने कहा है कि इन लोगों के लिए राज्य में पूरी व्यवस्था कर दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) ने खुद इस बात की जानकारी दी है। 

अरविंद केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा है कि विदेशों से वापस लाए जा रहे भारतीयों के लिए यहां पर पूरी व्यवस्था कर दी गई है। एनआरआई यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए दिल्ली सरकार की मेडिकल टीम दिल्ली एयरपोर्ट पर तैयार है। टीम अच्छी तरह से पीपीई किट और स्क्रीनिंग उपकरणों के साथ सेवा देने के लिए तैयार खड़ी है। 


2 हजार लोगों की देश वापसी की उम्मीद
गुरुवार यानी कल से ही विदेशों में फंसे भारतीयों को देश वापस लाने का काम शुरू हो गया है। अपने देशवासियों को बचाने के लिए इस महाअभियान का नाम वंदे भारत मिशन रखा गया है। आज पांच विमान विदेशों से भारतीयों को लेकर लौटेंगे। 2,000 लोगों के अगले 5 दिनों में स्वदेश लौटेने की उम्मीद है।


थर्मल जांच से लेकर क्वारंटाइन तक की व्यवस्था
देश के अलग-अलग राज्यों में इस मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारत के लोगों को लाया जा रहा है। वापस लौटने के बाद इन लोगों की थर्मल जांच से लेकर क्वारंटाइन तक की व्यवस्था की गई है। एक आधिकारिक जानकारी के अनुसार लगभग 13 विमान से यह प्रवासी भारतीय वापस अपने देश लौटेंगे।  केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि 7 मई से 13 मई तक खाड़ी देशों, सिंगापुर, अमेरिका और ब्रिटेन में फंसे भारतीयो के लिए 64 विमानों को चलाने का फैसला किया गया है।

Murari Sharan

Advertising