आलीशान बंगला खाली कर दूसरे सरकारी आवास में शिफ्ट हुए अरुण जेतली, यह है नया पता

Wednesday, Jul 10, 2019 - 01:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेतली को दूसरा सरकारी बंगला मिल गया है। राज्यसभा सदस्य होने के चलते उन्हे दिल्ली के अकबर रोड पर 22 नंबर टाइप आठ बंगला आवंटित किया गया है। जेतली, पिछले महीने ही बतौर मंत्री मिला 2, कृष्ण मेनन मार्ग का बंगला छोड़कर कैलाश कॉलोनी स्थित खुद के घर में रहने चले गए थे।
 

पूर्व वित्त मंत्री ने स्वास्थ्य कारणों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में अब तक मंत्रीपद नहीं संभाला है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेतली से मुलाकात कर आग्रह किया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ होने तक बिना विभाग के मंत्री के तौर पर शपथ लेकर सरकारी बंगले में रहें। मंत्री के रूप में जेतली को टाइप-8 बंगला मिला है। यह बंगला 8,250 वर्ग फुट के प्लाट पर 1,970 वर्ग फुट में बना होता है। इसमें आठ शयनकक्ष, नौकरों के लिए चार क्वार्टर, दो गैरेज और आगे व पीछे लॉन होता है। 


खबरों की मानें तो जेतली अपने पहले के बंगले से संतुष्ट नहीं थे। उनकी राय में वह बंगला उनके लिए शुभ नहीं रहा। कृष्ण मेनन मार्ग के घर में जाने के बाद से ही उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। उन्हें एक के बाद एक सर्जरी करानी पड़ी। 22 अकबर रोड इस बंगले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी जैसे चर्चित लोग रह चुके हैं। 


पेशे से वकील अरुण जेतली पिछली मोदी कैबिनेट में सबसे अहम नेता माने जाते थे। उन्हें सरकार के संकटमोचक के रूप में भी देखा जाता था। वित्तमंत्री के तौर पर उन्हें जीएसटी को कानून में बदलने का श्रेय भी जाता है। जेतली 47 साल की उम्र में पहली बार संसद पहुंचे थे। वह गुजरात से राज्यसभा के लिए चुने गए थे, तब नरेंद्र मोदी वहां के मुख्यमंत्री हुआ करते थे।
 

vasudha

Advertising