मोदी के वादों पर भरोसा नहीं किया जा सकता: सोनिया

Saturday, Oct 03, 2015 - 11:05 PM (IST)

पटना: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज बिहार विधान सभा चुनाव प्रचार का आगाज करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश से ज्यादा विदेशों में रहने तथा बड़े लोगों के गले लगाने को उनका शौक तथा उनके वादों को चुनावी जुमला बताया, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली की प्रशंसा की जबकि दूसरी ओर गौमांस को लेकर राष्ट्रीय जनता दल राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के बीच जुबानी जंग चलती रही।   

श्रीमती गांधी की बिहार के कहलगांव और गया में चुनावी सभाएं हुई लेकिन इन दोनों सभाओं में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं था। कांग्रेस अध्यक्ष ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी का वादा चुनावी जुमला है। उनके खोखले वादों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
 
उन्होंने नरेन्द्र मोदी सरकार पर विपक्ष शासित राज्य सरकारों के साथ भेदभाव करने का भी आरोप लगाया और कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी बढ़ी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों पर भी सवाल खड़ा किया और कहा कि मोदी देश में कम और विदेश में ज्यादा रहते हैं। उन्होंने उनपर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी को बड़े-बड़े लोगों को गले लगाने का शौक है। उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) जद(यू) के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी छवि बहुत अच्छी है। महागठबंधन बिहार की सत्ता में आया तो राज्य के विकास के लिए डटकर काम किया जायेगा। 
Advertising